भूकंप के झटकों से हिला चंबा और कांगड़ा, रिक्टर पैमाने पर 3.6 मापी गई तीव्रता

शिमला। प्रदेश के कई क्षेत्रों में भूकंप के दो झटके महसूस किए गए हैं। लोग घरों से बाहर निकल आए थे। जानकारी के मुताबिक सोमवार देर रात करीब 10:38 बजे चंबा के डलहौजी और जिला कांगड़ा में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। भूकंप का मुख्य केंद्र चंबा जिले में जमीन के अंदर 10 किलोमीटर की गहराई पर था। भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.6 रही। भूकंप के झटकों को पठानकोट, पंजाब और जम्मू कश्मीर में भी महसूस किया गया।
झटके महसूस होने पर कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। कांगड़ा, चंबा, लाहौल, कुल्लू और मंडी भूकंप की दृष्टि से सबसे अति संवेदनशील क्षेत्र हैं। कांगड़ा में 4 अप्रैल, 1905 में की अल सुबह आए 7.8 की तीव्रता वाले भूकंप में 20 हजार से ज्यादा इंसानी जानें चली गई थीं। भूकंप से एक लाख के करीब इमारतें तहस-नहस हो गई थीं, जबकि 53 हजार से ज्यादा मवेशी भी भूकंप की भेंट चढ़ गए थे।