वाहनों की आवाजाही के लिए चंबा का लूणा पुल बहाल

चंबा। भरमौर में लूणा ब्रिज पुल वाहनों के लिए बहाल हो गया। 19 दिन बाद लूणा ब्रिज पुल से सभी छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। जानकारी के मुताबिक 4 फरवरी को यहां पर भारी लैंडस्लाइड के चलते पुराना कंक्रीट का ब्रिज पूरी तरह से धराशायी हो गया था। पुल के धराशायी होने के कारण यहां पर छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही भी पूरी तरह बंद हो गई थी। लिहाजा लोगों को यहां से पैदल ही अपना सामान एक जगह से दूसरी जगह उठाकर ले जाना पड़ रहा था। प्रशासन व सरकार पर इस पुल को जल्द बनाने का भारी दबाव था।
लिहाजा बाहर से आए कामगारों ने यहां पर दिन रात काम करके 19 दिन बाद पुल बनाकर तैयार कर दिया है। बताया जा रहा है कि इस पुल के निर्माण में जेएस हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट का बहुत बड़ा हाथ रहा। उसकी मदद से ही यह पुल इतनी जल्दी बन सका। लूणा पुल के निर्माण में प्रशासन द्वारा जो भी आदेश कंपनी को दिए वह कंपनी ने हर संभव मदद करके इस पुल को बनाने में सहयोग दिया है। वहीं अब इस पुल के बनने के बाद अब चोली का पुल बनाया जाएगा। लूणा ब्रिज को बना रही मैकेनिकल टीम ने बताया कि होली के चोली ब्रिज के लिए कोलकाता से सामान आ गया है और एक सप्ताह बाद यहां पहुंच जाएगा। उसके बाद चोली पुल का काम भी युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया जाएगा।