मंडी में आचार संहिता उल्लंघन के आरोप, जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा

जयराम ठाकुर ने हिमाचल सरकार पर चुनाव आचार संहिता उल्लंघन के आरोप लगाए। सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाया।

May 1, 2026 - 12:35
 0  36
मंडी में आचार संहिता उल्लंघन के आरोप, जयराम ठाकुर ने सरकार को घेरा

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । मंडी 
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार अपने चहेते लोगों को लाभ पहुंचाने और राजनीतिक मित्रों को संरक्षण देने में जुटी हुई है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

मंडी से जारी अपने बयान में जयराम ठाकुर ने स्पष्ट किया कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह की गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के अधीन विभिन्न बोर्डों और निगमों में नियुक्त पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे का दुरुपयोग कर चुनावी प्रचार में लगे हुए हैं। उनके अनुसार यह न केवल अनैतिक है, बल्कि सीधे तौर पर चुनाव आयोग के नियमों का उल्लंघन भी है।

नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार इसी तरह संस्थानों का दुरुपयोग करती रही, तो भाजपा इस मामले को चुनाव आयोग के समक्ष मजबूती से उठाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर भी सरकार की कथित गलत नीतियों और कार्यप्रणाली को उजागर किया जाएगा।

अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के छतरी दौरे के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के छोटे नेता भी सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव में अनुचित तरीके अपना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासनिक तंत्र पर दबाव बनाकर चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सरकार संभावित हार को देखते हुए बौखलाहट में ऐसे कदम उठा रही है, जो प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं। जयराम ठाकुर ने सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को आगाह करते हुए कहा कि वे किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव में आकर गलत या अवैध कार्यों में शामिल न हों।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में ऐसे सभी मामलों की जांच होगी और जिम्मेदार लोगों से जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में निष्पक्ष चुनाव बेहद जरूरी हैं और किसी भी प्रकार का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0