शादी में कुत्ते पर बवाल, दुल्हन ने किया शादी से इनकार
फतेहपुर में शादी के दौरान पालतू कुत्ते को लेकर विवाद, कुर्सियां चलीं, 8 घायल। हंगामे के बाद दुल्हन ने शादी से किया इनकार।
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के खागा क्षेत्र में एक शादी उस वक्त हंगामे में बदल गई, जब दुल्हन के पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. इतना ही नहीं देखते ही देखते बात इतनी बढ़ गई कि बारात और घरातियों के बीच कुर्सियां चलने लगीं. इस मारपीट में महिलाओं समेत 8 लोग घायल हो गए. मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है।
जानकारी के मुताबिक दुल्हन प्रयागराज की रहने वाली है और 19 फरवरी को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ खागा स्थित एक गेस्ट हाउस में शादी के लिए पहुंची थी. दुल्हन अपने साथ अपना पालतू कुत्ता भी लाई थी. शादी की रस्में चल रही थीं और इसी दौरान कुत्ता इधर-उधर घूम रहा था. बताया जा रहा है कि कुत्ते ने कुछ बारातियों पर भौंकना शुरू कर दिया, जिससे लड़के पक्ष के लोग नाराज हो गए।
लड़के वालों ने कुत्ते को बांधने की बात कही। आरोप है कि किसी ने डंडा लेकर कुत्ते को बाहर भगाने की कोशिश की। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे. अफरा-तफरी के बीच 8 लोग घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। हालांकि विवाद इतना बढ़ चुका था कि शादी पर ही संकट खड़ा हो गया. बताया जा रहा है कि लड़का और लड़की पहले से एक-दूसरे को पसंद करते हैं और कोर्ट मैरिज भी कर चुके हैं. लेकिन इस घटना के बाद दुल्हन ने फिलहाल शादी की रस्में आगे बढ़ाने से इनकार कर दिया है।
पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है. एक खुशी का मौका कैसे झगड़े में बदल गया, इसकी चर्चा अब इलाके में ही नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर भी हो रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0