एचपीयू ने बदली B.Ed-M.Ed परीक्षा तिथि, अब इस दिन से होंगी
एचपीयू ने B.Ed और M.Ed परीक्षाओं की तिथियां बदलीं, अब 2 मार्च से होंगी परीक्षाएं। एडमिट कार्ड 23 फरवरी से डाउनलोड होंगे।
शिमला । हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) ने बीएड व एमएड सेमेस्टर और वार्षिक प्रणाली की परीक्षाओं की तिथियों में संशोधन किया है। 25 से 27 फरवरी तक आयोजित होने वाले जेबीटी टेस्ट के मद्देनजर बीएड और एमएड की पूर्व निर्धारित परीक्षाओं को पुनर्निर्धारित किया गया है। अब ये परीक्षाएं 2 मार्च से प्रारंभ होंगी। पहले परीक्षाएं 27 फरवरी से शुरू होकर 12 मार्च तक आयोजित की जानी थी। एचपीयू ने संशोधित डेटशीट अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी है। संबंधित विद्यार्थियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विस्तृत परीक्षा कार्यक्रम के लिए वेबसाइट अवश्य देखें।
एचपीयू प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षार्थी 23 फरवरी से अपनी लॉगइन आईडी के माध्यम से प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र ऑनलाइन उपलब्ध होंगे और परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए अनिवार्य होंगे। इसी के साथ विश्वविद्यालय ने विभिन्न विषयों और संकायों के पीएचडी कोर्स वर्क की डेटशीट भी जारी कर दी है। पीएचडी कोर्स वर्क की परीक्षाएं भी 2 मार्च से आरंभ होंगी। इन परीक्षाओं का विस्तृत कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है। नियंत्रक परीक्षा प्रो. श्याम लाल कौशल की ओर से जारी अधिसूचना की प्रति विश्वविद्यालय के सभी पीजी केंद्रों के निदेशकों, संबंधित सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, दूरस्थ एवं मुक्त शिक्षा निदेशालय, जनसंपर्क अधिकारी और परीक्षा शाखा के उप एवं सहायक कुलसचिवों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0