WhatsApp लॉटरी स्कैम: 25 लाख का झांसा, रहें सावधान!
शिमला में व्हाट्सएप लॉटरी स्कैम से लोग ठगे जा रहे हैं। +92 नंबर से 25 लाख के इनाम का झांसा, साइबर सेल ने जारी की एडवाइजरी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । शिमला
आजकल साइबर ठग लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपना रहे हैं और अब उनकी नजर व्हाट्सएप यूजर्स पर है। हाल ही में एक नया लॉटरी स्कैम सामने आया है, जिसमें लोगों को नकली इनाम का झांसा देकर पैसे ठगे जा रहे हैं। इसको लेकर शिमला साइबर सेल ने भी एडवाइजरी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। इस ठगी में स्कैमर्स अनजान नंबरों से, खासकर +92 जैसे विदेशी कोड से, व्हाट्सएप मैसेज भेजते हैं।
मैसेज में दावा किया जाता है कि आपका नंबर लॉटरी में चुना गया है और आपको 25 लाख रुपये का इनाम मिला है। इसके बाद पीड़ित को एक दिए गए नंबर पर संपर्क करने को कहा जाता है। जब व्यक्ति उस नंबर पर संपर्क करता है, तो उसे बताया जाता है कि इनाम पाने के लिए पहले प्रोसेसिंग फीस, जीएसटी या अन्य चार्ज के नाम पर कुछ पैसे जमा करने होंगे। जैसे ही पीड़ित पैसा भेजता है, ठग अलग-अलग बहाने बनाकर और पैसे मांगते रहते हैं। यह प्रक्रिया कई दिनों या हफ्तों तक चल सकती है।
ठग केवल व्हाट्सएप पर ही बात करने पर जोर देते हैं और पीड़ित को गोपनीयता बनाए रखने के लिए कहते हैं। कई बार वे इनाम की राशि बढ़ाकर 45 लाख या 75 लाख तक बता देते हैं, ताकि पीड़ित को लालच में फंसाए रखा जा सके। अंत में, जब पीड़ित पैसे देने से मना करता है, तो ठग संपर्क तोड़ देते हैं। साइबर क्राइम अधिकारियों का कहना है कि किसी भी प्रकार की लॉटरी या इनाम का मैसेज, जिसमें पहले पैसे जमा करने को कहा जाए, वह पूरी तरह से फर्जी होता है।
असली लॉटरी में कभी भी पहले पैसे नहीं मांगे जाते, बल्कि टैक्स आदि राशि सीधे इनाम से काट ली जाती है। लोगों को सलाह दी गई है कि ऐसे मैसेज को नजरअंदाज करें, किसी अनजान नंबर से संपर्क न करें और किसी भी तरह की निजी या बैंक जानकारी साझा न करें। साथ ही, किसी भी संदिग्ध संदेश के बारे में परिवार या जानकारों से चर्चा जरूर करें। यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत स्क्रीनशॉट, बैंक डिटेल्स और अन्य सबूत इकट्ठा कर नजदीकी पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। समय रहते शिकायत करने से कार्रवाई में मदद मिलती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0