रामपुर-खनेरी नर्सिंग कॉलेज में टीबी का कहर! 20% छात्राएं संक्रमित, जयराम ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना
रामपुर-खनेरी के महात्मा गांधी मेमोरियल नर्सिंग संस्थान में 20% छात्राओं के टीबी संक्रमित होने पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार को घेरा। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
शिमला।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने रामपुर–खनेरी स्थित महात्मा गांधी मेमोरियल नर्सिंग संस्थान एवं अस्पताल में नर्सिंग छात्राओं के बीच टीबी संक्रमण के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 90 में से 19 छात्राओं का टीबी संक्रमित होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और सरकार की गंभीर विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ही संस्थान में इतनी बड़ी संख्या में छात्राओं के संक्रमित होने के बावजूद सरकार ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। परिजनों द्वारा चिकित्सा अधीक्षक को लिखे गए पत्र का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना न केवल राज्य सरकार की लापरवाही को उजागर करती है, बल्कि केंद्र सरकार के टीबी उन्मूलन के प्रयासों को भी कमजोर करती है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि देशभर में टीबी के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी जा रही है और केंद्र सरकार हर स्तर पर राज्यों को सहयोग दे रही है। इसके बावजूद हिमाचल में इस तरह की घटनाएं चिंताजनक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ छात्राओं को एमडीआर-टीबी जैसी गंभीर बीमारी का इलाज दिया जा रहा है, जो यह दर्शाता है कि समय रहते उचित उपचार नहीं किया गया।
उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि परिजनों के अनुसार संक्रमित छात्राओं को इलाज के बजाय झाड़फूंक (झाड़ा) करवाने की सलाह दी जा रही है, जो स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि एक ओर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की बात होती है, वहीं दूसरी ओर ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं।
इसके अलावा उन्होंने संस्थान के मेस में भी खामियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शुल्क लेने के बावजूद छात्राओं को पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं मिल रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और प्रभावित छात्राओं को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0