ईको-टूरिज्म से इंफ्रास्ट्रक्चर तक : हिमाचल के लिए अवसरों से भरा बजट : जयराम ठाकुर

बजट पर जयराम ठाकुर ने कहा, ईको-टूरिज्म, इंफ्रास्ट्रक्चर और टैक्स राहत से हिमाचल समेत देश को मिलेगा विकास का नया रोडमैप।

Feb 1, 2026 - 18:23
Feb 1, 2026 - 19:10
 0  9
ईको-टूरिज्म से इंफ्रास्ट्रक्चर तक : हिमाचल के लिए अवसरों से भरा बजट  : जयराम ठाकुर

शिमला। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत बजट 2026–27 को पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की दिशा में एक सशक्त और दूरदर्शी कदम बताया है। शिमला स्थित पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बजट का सीधा प्रसारण सुनने के बाद उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत का ठोस ब्लूप्रिंट है, जो अर्थव्यवस्था से लेकर सामाजिक सशक्तिकरण तक हर क्षेत्र को नई गति देगा।

जयराम ठाकुर ने कहा कि 7 प्रतिशत की अनुमानित विकास दर और 12.2 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड बुनियादी ढांचा निवेश से देश के आईटी, सेमीकंडक्टर, स्वास्थ्य और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों को जबरदस्त प्रोत्साहन मिलेगा। 12.75 लाख रुपये तक की कर-मुक्त आय ने मध्यम वर्ग को बड़ी राहत दी है, जिससे खपत और बचत दोनों को बल मिलेगा। ‘लखपति दीदी’ और ‘महात्मा गांधी हैंडलूम’ जैसी योजनाएं महिला सशक्तिकरण और बुनकरों को वैश्विक बाजार से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनेंगी।

हिमाचल प्रदेश के परिप्रेक्ष्य में बजट को ऐतिहासिक बताते हुए उन्होंने कहा कि ईको-टूरिज्म के अंतर्गत ‘ईको ट्रेल्स’ और ‘माउंटेन ट्रेल’ जैसे प्रोजेक्ट राज्य में पर्यटन के नए आयाम खोलेंगे। इससे न केवल पर्यावरण-संवेदनशील पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और अधोसंरचना के विकास से दूरदराज के इलाकों को मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए बहुपक्षीय विकास बैंकों की सहायता से विशेष वित्तीय प्रावधान, एमएसएमई के लिए क्रेडिट गारंटी योजना, फार्मा हब को मजबूती और कैंसर की दवाओं पर सीमा शुल्क में छूट—ये सभी कदम दर्शाते हैं कि यह बजट *‘विकास भी, विरासत भी’* के मंत्र के साथ हर वर्ग और हर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का भरोसा देता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0