हिमाचल पंचायत चुनाव : वोटर लिस्ट फाइनल, शेड्यूल जल्द, तैयारियां पूरी
हिमाचल में पंचायत चुनाव की तैयारियां पूरी, 400+ पंचायतों की मतदाता सूची जारी। राज्य चुनाव आयोग जल्द करेगा चुनाव शेड्यूल की घोषणा।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज चुनाव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। राज्य की 400 से अधिक पुनर्गठन प्रभावित पंचायतों में भी सोमवार, 27 अप्रैल तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही चुनाव प्रक्रिया की एक बड़ी औपचारिकता पूरी हो गई है और अब राज्य चुनाव आयोग जल्द ही चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल में कुल 3758 पंचायतों, 92 ब्लॉक विकास समितियों (बीडीसी) और 12 जिला परिषदों के लिए चुनाव आयोजित किए जाएंगे। चुनावों की व्यापकता को देखते हुए यह संभावना जताई जा रही है कि मतदान एक से अधिक चरणों में कराया जाएगा। चुनाव शेड्यूल का प्रारूप पहले ही तैयार किया जा चुका है और राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची आगामी एक-दो दिनों में प्रेस वार्ता के माध्यम से इसकी आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
राज्य चुनाव आयोग मतदाता सूची के अंतिम रूप का इंतजार कर रहा था, जो अब पूरा हो चुका है। इसके बाद चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। उल्लेखनीय है कि शहरी निकाय चुनाव पहले ही दो चरणों में घोषित किए जा चुके हैं, जबकि पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों और क्षेत्रों की संख्या अधिक होने के कारण चरणों की संख्या बढ़ सकती है।
इसी बीच राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शिमला दौरा जारी है। उनके दौरे पर चुनाव आचार संहिता का कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर के चलते शिमला से कांगड़ा रवाना हुए हैं।
पंचायत चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो जाएगी, जिसके बाद सरकार और मंत्रिमंडल की नई घोषणाओं पर रोक लग जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0