हमीरपुर के 12 विद्यार्थियों ने किया मुंबई का शैक्षणिक भ्रमण
समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के तहत जिला हमीरपुर के 12 विद्यार्थियों ने मुंबई का पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पूरा कर लिया है।
रूहानी नरयाल। नादौन
समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश के तहत जिला हमीरपुर के 12 विद्यार्थियों ने मुंबई का पांच दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण पूरा कर लिया है। राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के तहत आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करना और उन्हें नई जानकारियां देना था।
जिला उपनिदेशक शिक्षा (गुणवत्ता) एवं जिला परियोजना अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि इस भ्रमण से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव भी मिला। इससे बच्चों के आत्मविश्वास, मानसिक विकास और टीम भावना को बढ़ावा मिलता है।
जिला नोडल अधिकारी अनिल धीमान ने बताया कि विद्यार्थियों का दल 22 अक्टूबर को हमीरपुर से दिल्ली होते हुए मुंबई पहुंचा। इस दौरान एस्कॉर्ट टीचर संतोष कुमारी भी उनके साथ रहीं।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गेटवे ऑफ इंडिया, छत्रपति शिवाजी महाराज वास्तु संग्रहालय, वाटर किंगडम, नेहरू विज्ञान केंद्र, प्लेनेटेरियम और पैराडॉक्स म्यूजियम का दौरा किया। इसके अलावा बच्चों ने सिद्धिविनायक मंदिर, जुहू बीच और मरीन ड्राइव भी देखा।
26 अक्टूबर को सभी विद्यार्थी सकुशल हमीरपुर लौट आए। विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक यात्रा को यादगार बताते हुए समग्र शिक्षा हिमाचल प्रदेश और शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0