सावन संक्रांति पर गुरुद्वारा लोह लंगर बैहल में उमड़ी संगत
सावन माह की संक्रांति के पावन अवसर पर पंजाब सीमा से सटी ग्राम पंचायत बैहल के अंतर्गत स्थित गुरुद्वारा लोह लंगर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सूरज चंदेल । स्वारघाट
सावन माह की संक्रांति के पावन अवसर पर पंजाब सीमा से सटी ग्राम पंचायत बैहल के अंतर्गत स्थित गुरुद्वारा लोह लंगर में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। क्षेत्र सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब पहुंचे और गुरु महाराज के चरणों में मत्था टेककर अपने परिवार, क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की अरदास की।
धार्मिक आयोजन के दौरान गुरुद्वारा परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। संगत ने गुरु घर में माथा टेकने के साथ-साथ शबद-कीर्तन एवं अरदास में भी भाग लिया। श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त कर मानवता की सेवा, आपसी भाईचारे और शांति का संदेश ग्रहण किया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बैहल के नवनिर्वाचित उपप्रधान जगतार सिंह ठाकुर भी गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। उन्होंने गुरु महाराज के चरणों में शीश नवाकर क्षेत्रवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और बेहतर भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ लोगों को आध्यात्मिक ऊर्जा भी प्रदान करते हैं।
गुरुद्वारा प्रबंधन समिति की ओर से संगत के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। श्रद्धालुओं ने गुरु घर में मत्था टेकने के बाद गुरु का लंगर ग्रहण किया और सेवा कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे दिन गुरुद्वारा साहिब का वातावरण श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव से सराबोर रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0