रिश्तेदारी में गया था परिवार, पीछे से घर में लगी आग; नकदी समेत सारा सामान जलकर राख

नादौन के कलूर गांव में एक घर में अचानक आग लगने से घरेलू सामान और 15 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।

Jun 9, 2026 - 20:37
 0  9
रिश्तेदारी में गया था परिवार, पीछे से घर में लगी आग; नकदी समेत सारा सामान जलकर राख

नादौन। 

नादौन उपमंडल के कलूर गांव में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब उनके घर में अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर के अंदर रखा घरेलू सामान और लगभग 15 हजार रुपये की नकदी जलकर राख हो गई।

जानकारी के अनुसार कलूर गांव के वार्ड नंबर-1 निवासी सुशील कुमार और उनकी पत्नी परबीन कुमारी किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर पर कोई मौजूद नहीं था। इसी दौरान घर से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक घर के अंदर रखा फ्रीज, एलईडी टीवी, बैड, अलमारी, पंखे, टेबल-कुर्सियां और अन्य जरूरी घरेलू सामान पूरी तरह जल चुका था। अलमारी में रखी करीब 15 हजार रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई।

पीड़ित परबीन कुमारी ने बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। आग लगने की सूचना मिलने पर जब वे घर पहुंचे तो तब तक ग्रामीण आग पर काबू पा चुके थे, लेकिन उनका अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था।

बताया जा रहा है कि प्रभावित परिवार आर्थिक रूप से कमजोर है। करीब दो वर्ष पूर्व प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत परिवार को दो कमरों का मकान मिला था। परिवार में पति-पत्नी और उनकी एक बेटी है, जो जमा एक की छात्रा है। परिवार पहले भी एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है, जब उनका बेटा लंबे समय तक कोमा में रहने के बाद दुनिया से चल बसा था। वर्तमान में परिवार का भरण-पोषण सुशील कुमार की दिहाड़ी मजदूरी से होता है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

एसडीएम नादौन निशांत शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के पटवारी को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार प्रभावित परिवार को राहत प्रदान की जाएगी।

वहीं, राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने भी प्रभावित परिवार से फोन पर बातचीत कर हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0