चामुंडा में राज्य स्तरीय संस्कृत दिवस समारोह का किया आयोजन, प्रदेशभर से पहुंचे करीब 100 प्रतिभागी
श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय संस्कृत दिवस समारोह का आयोजन त्रिगर्त संस्कृत महाविद्यालय, चामुंडा में किया गया।
सुमन महाशा। कांगड़ा
श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को भाषा एवं संस्कृति विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से राज्य स्तरीय संस्कृत दिवस समारोह का आयोजन त्रिगर्त संस्कृत महाविद्यालय, चामुंडा में किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, वेदव्यास परिसर बलाहर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी और त्रिगर्त संस्कृत महाविद्यालय चामुंडा के प्रधानाचार्य हरीश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में काशी हिंदू विश्वविद्यालय, बनारस के सहायक आचार्य डॉ. रामेश्वर शर्मा ने ‘वर्तमान के संदर्भ में संस्कृत की वैज्ञानिकता एवं प्रासंगिकता’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने संस्कृत भाषा के वैज्ञानिक महत्व और वर्तमान समय में इसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इसके बाद संस्कृत अंतरमहाविद्यालयीय भाषण, प्रश्नोत्तरी, अनुवाद लेखन और श्लोकोच्चारण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में प्रदेश के करीब 15 संस्कृत महाविद्यालयों से लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में राजकीय संस्कृत महाविद्यालय तुगेश, शिमला की गुंजन ने प्रथम स्थान हासिल किया। भाषण प्रतियोगिता में गोरक्षक राजकीय संस्कृत महाविद्यालय नाहन के ऋषभ प्रथम रहे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और अनुवाद लेखन प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
दूसरे सत्र में संस्कृत कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें प्रदेश के करीब 30 संस्कृत कवियों ने भाग लिया।
समारोह के दौरान राज्य अभिलेखागार की ओर से ऐतिहासिक एवं दुर्लभ अभिलेखों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। वहीं हिमाचल कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी की ओर से पुस्तक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें हिमाचल के इतिहास, कला, संस्कृति और विरासत से संबंधित पुस्तकें उपलब्ध रहीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0