हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव: दूसरे दिन 535 नामांकन, कांगड़ा सबसे आगे

हिमाचल शहरी निकाय चुनाव में दूसरे दिन 535 नामांकन दाखिल। कांगड़ा सबसे आगे, मतदान 17 मई को EVM से होगा।

May 1, 2026 - 11:25
May 1, 2026 - 11:06
 0  81
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव: दूसरे दिन 535 नामांकन, कांगड़ा सबसे आगे
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। शिमला
हिमाचल प्रदेश में शहरी निकायों के सामान्य चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया के दूसरे दिन उम्मीदवारों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। राज्य निर्वाचन आयोग हिमाचल प्रदेश द्वारा जारी जानकारी के अनुसार गुरुवार को कुल 535 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिससे चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया 2 मई तक जारी रहेगी। इसके बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 6 मई को नामांकन वापसी के बाद उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
मतदान 17 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के माध्यम से कराया जाएगा। जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो कांगड़ा जिला में सबसे अधिक 98 नामांकन पत्र दाखिल हुए हैं, जबकि हमीरपुर जिला में सबसे कम 27 नामांकन प्राप्त हुए।
इसके अलावा मंडी में 77, सोलन में 76, शिमला में 63, सिरमौर में 44, ऊना में 43, चंबा में 39, बिलासपुर में 36 और कुल्लू में 32 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं। इससे पहले 29 अप्रैल को कुल 155 नामांकन प्राप्त हुए थे, जो दूसरे दिन बढ़कर 535 तक पहुंच गए। आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने उम्मीदवारों से निर्धारित समयसीमा का पालन करने की अपील भी की है। चुनाव को लेकर सभी जिलों में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0