लाहौल की इरीना बनीं ऑस्ट्रेलिया में डिप्टी हाई कमिश्नर
लाहौल की बेटी इरीना ठाकुर बनीं ऑस्ट्रेलिया में भारत की डिप्टी हाई कमिश्नर, देवभूमि हिमाचल का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर हुआ रोशन।

ओम प्रकाश शर्मा। शिमला
देवभूमि हिमाचल की लाहौल घाटी की बेटी इरीना ठाकुर ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन किया है। लाहौल के शंशा गांव की रहने वाली भारतीय विदेश सेवा (IFS) की अधिकारी इरीना ठाकुर को भारत सरकार ने ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा स्थित भारतीय उच्चायोग में डिप्टी हाई कमिश्नर नियुक्त किया है।
इरीना ठाकुर ने वर्ष 2012 में संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय विदेश सेवा में प्रवेश किया था। इसके बाद से वे विदेश मंत्रालय में कई महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।
श्रीलंका के कोलंबो में भारतीय उच्चायोग में प्रथम सचिव रहते हुए उन्होंने भारत-श्रीलंका संबंधों को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया। विदेश नीति निर्माण, कूटनीतिक संबंध, पासपोर्ट और वीजा सेवाओं में उनका विशेष अनुभव रहा है।
भारत सरकार ने उन्हें यह जिम्मेदारी देकर उनकी मेहनत, दक्षता और समर्पण को मान्यता दी है। उनकी यह उपलब्धि महिला सशक्तीकरण का उदाहरण है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बढ़ती कूटनीतिक ताकत का परिचायक भी है।
लाहौल जैसे सीमांत क्षेत्र के छोटे से गांव से निकलकर विश्व स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इरीना ठाकुर की नियुक्ति से पूरा हिमाचल गौरवान्वित महसूस कर रहा है।
What's Your Reaction?






