मात्र 10% हिस्सा न देकर लोगों की जान खतरे में डाल रही सुक्खू सरकार: जयराम ठाकुर
जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर मुफ्त जांच सुविधा प्रभावित करने का आरोप लगाया, कहा- 10% हिस्सा न देकर बीमारों की जान खतरे में डाली जा रही।
सुमन महाशा। कांगड़ा
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश के बीमार लोग मौजूदा सरकार के लिए सबसे आसान शिकार बन गए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रायोजित “फ्री डायग्नोस्टिक इनिशिएटिव सर्विस” के तहत प्रदेश के अस्पतालों में नि:शुल्क जांच की सुविधा दी जा रही है, जिसमें राज्य सरकार को मात्र 10 फीसदी खर्च वहन करना होता है, जबकि 90 फीसदी राशि केंद्र सरकार देती है। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सिर्फ 10 फीसदी हिस्सा न देने के कारण सुक्खू सरकार प्रदेशवासियों की जान खतरे में डाल रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि एक वेलफेयर स्टेट होने के नाते राज्य सरकार की जिम्मेदारी बनती है कि वह जरूरतमंदों की मदद करे, लेकिन आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर सरकार लगातार स्वास्थ्य सुविधाओं में कटौती कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि बीमार व्यक्ति से अधिक जरूरतमंद और कौन हो सकता है? उन्होंने कहा कि जहां केंद्र सरकार ने देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकाला, वहीं हिमाचल में सुक्खू सरकार 75 लाख लोगों से नि:शुल्क जांच का अधिकार छीन रही है।
खर्चों पर लगाम नहीं, आम आदमी बन रहा शिकार
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का वित्तीय अनुशासन केवल आम जनता की सुविधाएं छीनने तक ही सीमित है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार अधिकारियों के इंटरनेट भत्ते, सलाहकारों की फौज, बोर्ड-निगमों में नियुक्तियां और असंवैधानिक सीपीएस बचाने पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, वहीं दूसरी ओर बीमार लोगों से नि:शुल्क जांच सुविधा छीनी जा रही है । उन्होंने याद दिलाया कि पहले हिम केयर योजना बंद कर दी गई, जिससे लोगों को इलाज के लिए कर्ज लेना पड़ा और अब नि:शुल्क जांच पर भी संकट खड़ा कर दिया गया है।
केंद्रीय विश्वविद्यालय की खेल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
इससे पहले धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंटर जोनल कबड्डी प्रतियोगिता का जयराम ठाकुर ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी वर्ल्ड कप चैंपियन हिमाचल की बेटियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विश्वविद्यालय प्रशासन का प्रयास सराहनीय है, लेकिन सुक्खू सरकार द्वारा एफएआर की 32 करोड़ रुपये की राशि जमा न किए जाने से कैंपस निर्माण प्रभावित हो रहा है।
शाहपुर मंडल कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में भरा जोश
इसके बाद जयराम ठाकुर ने शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के मंडल कार्यक्रम में भाग लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान संगठन की मजबूती और सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। मौके पर कांगड़ा सांसद राजीव भारद्वाज का जन्मदिन भी केक काटकर मनाया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0