धाम खाने के बाद 30 से अधिक बीमार, आठ अस्पताल में भर्ती

कांगड़ा के सुलह क्षेत्र में शादी समारोह की धाम खाने के बाद 30 से अधिक लोग बीमार हो गए। आठ पीड़ित सीएचसी धीरा में भर्ती।

Feb 9, 2026 - 15:39
 0  54
धाम खाने के बाद 30 से अधिक बीमार, आठ अस्पताल में भर्ती

कांगड़ा। विधानसभा क्षेत्र सुलह के अंतर्गत ग्राम पंचायत पनापर में एक शादी समारोह में धाम खाने के बाद कई ग्रामीण बीमार हो गए हैं। उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अपर पनापर गांव के करीब 30 से अधिक लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं। पीड़ितों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। गंभीर रूप से पीड़ित आठ लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धीरा में भर्ती हैं।
शादी समारोह में खाना खाने के बाद लोग अचानक बीमार पड़ने लगे। सीएचसी धीरा में 30 लोग जांच के लिए पहुंचे, जिनमें से आठ की हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए भर्ती कर लिया गया है।

घरों में जाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने की स्क्रीनिंग
खंड चिकित्सा अधिकारी (बीएमओ) भवारना डॉ. नवीन राणा खुद टीम के साथ पनापर गांव के घर-घर पहुंचे और बीमार लोगों की स्क्रीनिंग की। उन्होंने बताया कि जिन मरीजों में डायरिया के हल्के लक्षण हैं, उन्हें दवाइयां देकर घर पर ही आराम की सलाह दी गई है। गंभीर मरीजों की अस्पताल में निगरानी की जा रही है। गांव में स्थापित अस्थायी शिविर में आपातकालीन ड्यूटी पर स्टाफ और पर्याप्त दवाइयों का स्टॉक तैनात कर दिया गया है।

बावड़ी के पानी का लिया जाएगा सैंपल
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कांगड़ा डॉ. विवेक करोल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह मुस्तैद है। सभी प्रभावितों को ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां वितरित की गई हैं। उन्होंने बताया कि संक्रमण फैलने के सही कारणों का पता लगाने के लिए सोमवार को स्थानीय बावड़ी के पानी के सैंपल लिए जाएंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0