गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक मलेंद्र राजन

इंदौरा स्कूल समारोह में विधायक मलेंद्र राजन ने मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्कूल मर्जर और नशे के खिलाफ सख्त संदेश दिया।

Feb 23, 2026 - 00:09
 0  108
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता: विधायक मलेंद्र राजन

इंदौरा ।  राय बहादुर चौधरी मल्ला  सिंह जी की 171वीं जयंती के उपलक्ष्य में राजकीय मॉडल एस.एम. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।  कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विद्यालय की वेबसाइट तथा स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रदेश सरकार द्वारा राजकीय मॉडल एस.एम. वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इंदौरा को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गंगथ एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ठाकुरद्वारा को भी सरकार द्वारा सीबीएसई बोर्ड से जोड़ा गया है, जिससे विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।   विधायक ने कहा कि स्कूल मर्जर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में सार्थक कदम है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश में कोई भी सरकारी स्कूल बंद नहीं किया गया है। कम छात्र संख्या वाले गर्ल्स और बॉयज स्कूलों को एकीकृत कर संसाधनों, शिक्षकों और आधारभूत सुविधाओं का बेहतर उपयोग सुनिश्चित किया जा रहा है। 

उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि विधानसभा क्षेत्र के छात्र व अभिभावकों की भावनाओं को किसी भी तरह से आहत नहीं होने दिया जाएगा। भविष्य में जो भी फैंसला लिया जाएगा, जनभावनाओं को ध्यान में रख कर ही लिया जाएगा।सरकार का उद्देश्य केवल शिक्षा की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना और विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित बनाना है। सभी निर्णय विद्यार्थियों के हित और क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर ही लिए जा रहे हैं।

 विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ सख्त मुहिम चला रही है। ‘चिट्टा’ जैसी घातक समस्या से युवाओं को बचाने के लिए विधानसभा में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया है। नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है तथा उनकी संपत्तियों को जब्त और ध्वस्त किया जा रहा है। उन्होंने दृढ़ संकल्प व्यक्त किया कि इस बीमारी को अपने विधानसभा क्षेत्र से जड़ से समाप्त किया जाएगा।  उन्होंने 'इंदौरा उत्सव' की शुरुआत को सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि इससे बच्चों की प्रतिभाओं को मंच मिलने के साथ युवाओं को अपनी कला व कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से डमटाल क्षेत्र में पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पर्यटन को प्रोत्साहन मिलेगा और स्थानीय लोगों को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इन स्थलों पर स्वयं सहायता समूहों के लिए आउटलेट भी खोले जाएंगे।

अंत में विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से विद्यालय के लिए 21,000 रुपये देने की घोषणा की तथा मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया।    इस अवसर पर एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी दीपक महाजन, एसडीओ आईपीएच अनिल ठाकुर, प्रधानाचार्य सुधा बल्होत्रा, प्रताप वर्ल्ड स्कूल के चेयरमैन विशाल महाजन,पूर्व जिला अध्यक्ष करण सिंह पठानिया, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष देविंदर मनकोटिया, पूर्व प्रधान इंदौरा भूपाल कटोच, पूर्व प्रधान सुधीर पठानिया, पोंग बांध निदेशक कुलदीप शर्मा, ओबीसी सेल के अध्यक्ष केवल कृष्ण, पूर्व प्रधान गुलशन लाला, पूर्व प्रधान जीवन सिंह, एससी सेल के अध्यक्ष राज कुमार, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, इंटक अध्यक्ष रमेश भार सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0