पालमपुर होली महोत्सव-2026: कलाकारों के लिए 24 फरवरी को होंगे ऑडिशन
पालमपुर होली महोत्सव 2026 के लिए 24 फरवरी को ऑडिशन होंगे। एसडीएम डॉ. ओपी यादव ने कलाकारों से भागीदारी की अपील की, अश्लीलता पर सख्त प्रतिबंध रहेगा।
मनोज धीमान। पालमपुर
पालमपुर के ऐतिहासिक और राज्य स्तरीय होली महोत्सव-2026 में प्रस्तुति देने के लिए कलाकारों के ऑडिशन 24 फरवरी 2026 को लिए जाएंगे। महोत्सव के आयोजन को लेकर जानकारी साझा करते हुए उपमंडल अधिकारी (नागरिक) एवं होली मेला समिति के अध्यक्ष डॉ. ओपी यादव ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी प्रतिभा दिखाने के इच्छुक कलाकार उक्त तिथि को ऑडिशन दे सकते हैं।
डॉ. यादव ने बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया प्रात: 10 बजे से सहायक लोक संपर्क अधिकारी (एपीआरओ) कार्यालय पालमपुर में शुरू होगी। उन्होंने सभी उभरते और अनुभवी कलाकारों से आह्वान किया है कि वे समय पर पहुँचकर चयन प्रक्रिया का हिस्सा बनें।
प्रशासन ने इस बार महोत्सव की सांस्कृतिक गरिमा को बनाए रखने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कलाकार अपनी प्रस्तुतियों में किसी भी प्रकार की अश्लीलता को स्थान न दें। गीतों या संवादों के माध्यम से मादक पदार्थों (नशा) को प्रोत्साहन देने वाली सामग्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। लोक संस्कृति और पारंपरिक मूल्यों को प्राथमिकता देने वाले कलाकारों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।
उन्होंने बल देकर कहा कि होली का त्यौहार भाईचारे और रंगों का प्रतीक है, अतः मंच से ऐसा कोई संदेश नहीं जाना चाहिए जो समाज या युवा पीढ़ी पर प्रतिकूल प्रभाव डाले। पालमपुर का यह भव्य होली महोत्सव इस वर्ष 1 मार्च से लेकर 4 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। एसडीएम ने समस्त क्षेत्रवासियों और कलाकारों से इस उत्सव को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0