विधायक केवल सिंह पठानिया ने 71वीं बार रक्तदान कर मनाया जन्मदिन

शाहपुर विधायक केवल सिंह पठानिया ने 71वीं बार रक्तदान कर जन्मदिन सेवा संकल्प दिवस के रूप में मनाया। 8 हजार बच्चों को बोतलें, 200 को बैग भेंट।

Feb 12, 2026 - 20:55
 0  18
विधायक केवल सिंह पठानिया ने 71वीं बार रक्तदान कर मनाया जन्मदिन

विशाल वर्मा। शाहपुर
रैत स्थित लक्ष्मी मैरेज पैलेस में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का जन्मदिन सेवा संकल्प दिवस के रूप में श्रद्धा, उत्साह और जनसेवा के भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस के अग्रणी संगठनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारी संगठनों तथा जिला कांगड़ा के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य लोगों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर, केक काटकर एवं शुभकामनाएं देकर सम्मानित किया।

अपने जन्मदिन के पावन अवसर पर विधायक केवल सिंह पठानिया ने 71वीं बार रक्तदान कर समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के नागरिकों का स्नेह और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। वे क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे तथा सुख-दुख में 24 घंटे जनता की सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी निस्वार्थ भाव से जनसेवा करने का आह्वान किया।

विधायक ने घोषणा की कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 8 हजार स्कूली बच्चों को उनकी ओर से पानी की बोतलें वितरित की जाएंगी। इसके साथ ही उन्होंने इस अवसर पर 200 बच्चों को स्कूल बैग भी भेंट किए। इससे पूर्व उन्होंने कांग्रेस कार्यालय रैत में आमजन से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें जन्मदिन की बधाई देने के साथ अपनी समस्याएं भी साझा कीं, जिनका उन्होंने गंभीरतापूर्वक संज्ञान लिया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने युवाओं से शुभकामनाएं स्वीकार कीं तथा वरिष्ठ नागरिकों से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर उनकी माता विद्या देवी एवं धर्मपत्नी डॉ. सुनंदा पठानिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। युवा कांग्रेस द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। इसके अतिरिक्त निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने भाग लेकर विधायक को शुभकामनाएं दीं तथा पारंपरिक कांगड़ी धाम का आनंद लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0