कांगड़ा में अतिक्रमण पर एसडीएम की सख्ती, 7 विक्रेताओं के काटे चालान
कांगड़ा के तहसील चौक स्थित नवनिर्मित फल एवं सब्जी मार्केट में अतिक्रमण करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है।
सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा के तहसील चौक स्थित नवनिर्मित फल एवं सब्जी मार्केट में अतिक्रमण करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। सोमवार को एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग ने मार्केट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 7 विक्रेताओं के चालान किए गए।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ विक्रेता बार-बार चेतावनी देने के बावजूद निर्धारित स्थान से बाहर तक अपना सामान लगा रहे थे। इसके कारण आम लोगों और राहगीरों को बाजार से गुजरने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। प्रशासन ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की।
एसडीएम डॉ. अंजलि गर्ग ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि वे अपना सामान निर्धारित स्थान तक ही सीमित रखें और दुकानों के बाहर या रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि विक्रेताओं को नई दुकानें उपलब्ध करवाई गई हैं, इसलिए वे उनका उचित उपयोग करें और सामान दुकानों के अंदर ही रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बाजार में व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एसडीएम ने विक्रेताओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और आम जनता की सुविधा का विशेष ध्यान रखने की अपील की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0