पत्नी को मरा बताकर कर ली दूसरी शादी, शिमला की 37 वर्षीय महिला का महीनों तक शारीरिक शोषण
शिमला की 37 वर्षीय महिला से शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का मामला सामने आया। आरोपी ने पत्नी को मृत बताकर दूसरी शादी की, केस पटियाला ट्रांसफर।
शिमला । सोशल मीडिया के माध्यम से हुई पहचान के बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का मामला शिमला में सामने आया है। शिमला शहर की 37 वर्षीय महिला की शिकायत पर महिला थाना शिमला में जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार यह मामला आगे की कार्रवाई के लिए पंजाब के पटियाला जिला के संबंधित थाने को भेजा जा रहा है।
पीडि़त महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि फरवरी 2025 में उसकी मुलाकात सोशल मीडिया पर राजदीप सिंह नाम के व्यक्ति से हुई। बातचीत के दौरान आरोपी ने उसे बताया कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है और उसकी एक बेटी है।
महिला के अनुसार उसने आरोपी पर भरोसा करते हुए अपने बारे में भी पूरी जानकारी साझा की। कुछ समय बाद आरोपी ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा। महिला ने अपनी और अपनी बेटी के भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। शिकायत के अनुसार 25 जुलाई, 2025 को आरोपी ने जालंधर के एक चर्च में उससे शादी की।
इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ पटियाला की पावर कॉलोनी, मॉडल टाउन, राजपुरा के इस्लामपुर और अंबाला कैंट सहित विभिन्न स्थानों पर लेकर गया। महिला का आरोप है कि इन स्थानों पर आरोपी ने उसके साथ लगातार शारीरिक शोषण किया। महिला ने बताया कि दिसंबर, 2025 में उसे जानकारी मिली कि आरोपी की पत्नी जीवित है और दोनों के बीच तलाक भी नहीं हुआ है। जब उसने इस बारे में आरोपी से सवाल किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने अब 15 फरवरी, 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 64(2)(द्व), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज किया है। यह जीरो एफआईआर महिला थाना शिमला में दर्ज की गई है। पीडि़ता का मेडिकल शिमला के एक अस्पताल में कराया जा रहा है। चूंकि कथित घटनाएं पंजाब में हुई हैं, इसलिए पूरा रिकॉर्ड संबंधित थाना डिवीजन-4, जिला पटियाला को भेजा जा रहा है। संबंधित थाने को फोन और ई-मेल के जरिए भी सूचित कर दिया गया है। शिमला पुलिस के अनुसार आगे की जांच पटियाला पुलिस द्वारा की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0