कांस्टेबल पेपर लीक: 4 अफसरों पर कार्रवाई की सिफारिश
हिमाचल कांस्टेबल भर्ती 2022 पेपर लीक केस में CBI ने 4 पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई की सिफारिश की। 88 आरोपियों पर चार्जशीट दाखिल।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । शिमला
हिमाचल प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा 2022 के पेपर लीक मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की सिफारिश की है। जांच के आधार पर चार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की अनुशंसा करते हुए विस्तृत रिपोर्ट हिमाचल प्रदेश पुलिस के डीजीपी को भेजी गई है।
यह मामला 27 मार्च 2022 को आयोजित भर्ती परीक्षा से जुड़ा है। जांच में सामने आया कि बिहार के कुछ आरोपियों ने साजिश के तहत प्रश्नपत्र को गाजियाबाद की एक निजी प्रिंटिंग प्रेस से लीक कर उम्मीदवारों तक पहुंचाया। परीक्षा से एक दिन पहले हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के विभिन्न स्थानों पर अभ्यर्थियों को हल किया हुआ पेपर उपलब्ध कराया गया।
सीबीआई ने इस मामले में कुल 88 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए हैं। इनमें आपराधिक साजिश और धोखाधड़ी जैसी धाराएं शामिल हैं। जांच में यह भी पाया गया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान कई स्तरों पर गंभीर लापरवाही बरती गई।
रिपोर्ट के अनुसार, प्रिंटिंग प्रेस का चयन बिना टेंडर प्रक्रिया के किया गया और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं हुआ। प्रश्नपत्रों के आदान-प्रदान में भी उचित रिकॉर्ड नहीं रखा गया और अंतिम मंजूरी तक व्हाट्सऐप के माध्यम से दी गई। निगरानी की कमी के कारण 19 मार्च 2022 को पेपर लीक हो गया।
सीबीआई की इस सिफारिश को भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0