8 साल से रह रहा नौकर निकला चोर, दिनदहाड़े वारदात
सुंदरनगर के भोजपुर बाजार में 82 वर्षीय महिला के घर दिनदहाड़े चोरी। 8 साल से रह रहे नौकर पर शक, पुलिस जांच में जुटी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । सुंदरनगर
मंडी जिला के उपमंडल सुंदरनगर के अंतर्गत आने वाले भोजपुर बाजार में एक 82 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर दिनदहाड़े चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। हैरानी की बात यह है कि इस वारदात में किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पिछले करीब 8 वर्षों से परिवार के साथ रह रहे घरेलू नौकर पर ही संदेह जताया गया है।
पीड़ित महिला कृष्णा देवी, पत्नी स्वर्गीय कश्मीरी लाल अग्रवाल, निवासी मकान नंबर 44/9, भोजपुर बाजार ने पुलिस थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार 29 अप्रैल की सुबह वह अपने पोते आकाश अग्रवाल के साथ देव पूजन के लिए थुनाग गई थीं। उस समय उनके बेटे और बहू मलेशिया में थे, जबकि घर पर केवल घरेलू नौकर मोंगल हसदा ही मौजूद था।
बताया जा रहा है कि थुनाग में रहने के दौरान परिवार ने नौकर को कई बार फोन किया, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। इससे उन्हें कुछ संदेह हुआ, लेकिन उन्होंने सोचा कि शायद नेटवर्क की समस्या होगी।
शाम करीब 7:45 बजे जब वे घर लौटे तो घर का दृश्य देखकर दंग रह गए। नौकर घर से गायब था और पोते के कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। जब अलमारी की जांच की गई तो उसमें रखे सोने के कंगन, अंगूठी व अन्य कीमती सामान गायब मिले।
घटना के बाद पीड़िता का पोता आकाश अग्रवाल आरोपी की तलाश में असम के लिए रवाना हो गया है। वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए गहन जांच कर रही है और आरोपी की तलाश जारी है। उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि घरों में काम करने वाले नौकरों का पुलिस सत्यापन अवश्य करवाएं और कीमती सामान सुरक्षित स्थानों पर रखें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0