हिमाचल: कॉलेज जा रही छात्रा की सरेराह हत्या, आरोपी गिरफ्तार
मंडी के सरकाघाट में 19 वर्षीय छात्रा की सरेराह हत्या से सनसनी फैल गई। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया, जांच जारी।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो। मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट उपमंडल में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कॉलेज जाने के लिए घर से निकली 19 वर्षीय छात्रा की एक युवक ने सरेराह धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। यह वारदात सोमवार सुबह करीब 9:15 बजे गोपालपुर पंचायत के बैंजी गांव में हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया।
जानकारी के अनुसार, छात्रा स्थानीय कॉलेज में बीवॉक प्रथम वर्ष की छात्रा थी और छात्र संगठन से भी जुड़ी हुई थी। वह रोजाना की तरह घर से कॉलेज के लिए निकली थी और उसे कुछ दूरी पैदल तय कर बस पकड़नी थी। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे आरोपी ने उस पर अचानक हमला कर दिया। हमले में छात्रा को गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया और पास के इलाके में छिप गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली। गुस्साए ग्रामीणों ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। लोगों का गुस्सा इतना ज्यादा था कि उन्होंने आरोपी की पिटाई भी कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी को भीड़ से सुरक्षित निकालकर हिरासत में लिया।
मृतका की सहेली ने सबसे पहले उसे खून से लथपथ हालत में देखा। उसने तुरंत अपने परिवार और स्थानीय लोगों को सूचना दी, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही छात्रा की मां भी मौके पर पहुंचीं और बेटी की हालत देखकर बेसुध हो गईं। परिवार के अन्य सदस्यों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान स्थानीय निवासी के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साए लोगों ने सरकाघाट-घुमारवीं हाईवे पर चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत करवाया और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
इस घटना पर महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह घटना एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है और समाज में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की आवश्यकता को उजागर करती है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0