करसोग में चुनाव बहिष्कार, सभी प्रत्याशी हटेंगे!

करसोग नगर पंचायत चुनाव में बड़ा फैसला, सभी वार्डों के प्रत्याशी नामांकन वापस लेंगे। विकास और टैक्स को लेकर जनता में नाराजगी।

May 4, 2026 - 11:02
 0  45
करसोग में चुनाव बहिष्कार, सभी प्रत्याशी हटेंगे!

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । मंडी 
करसोग में नगर पंचायत चुनाव को लेकर एक बड़ा और अनोखा घटनाक्रम सामने आया है। रविवार देर शाम पुराना बाजार में आयोजित एक बड़ी बैठक में सभी वार्डों के लोगों ने सामूहिक रूप से फैसला लिया कि चुनाव के लिए दाखिल किए गए सभी नामांकन पत्र वापस लिए जाएंगे। नगर पंचायत करसोग में कुल सात वार्ड हैं, जिनमें वार्ड नंबर 7 (बरल) से पहले ही चुनाव बहिष्कार के चलते कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ था, जबकि वार्ड नंबर 1 में केवल एक ही उम्मीदवार ने नामांकन भरा था।

बैठक में अधिकांश उम्मीदवार स्वयं मौजूद रहे और उन्होंने मीडिया के सामने घोषणा की कि वे अपने नामांकन वापस लेंगे। जो उम्मीदवार बैठक में नहीं आ सके, उन्होंने भी इस निर्णय के प्रति सहमति जताई है। इस सामूहिक फैसले के पीछे स्थानीय लोगों की नाराजगी मुख्य कारण बताई जा रही है। उनका कहना है कि पिछले वर्षों में कई तरह के टैक्स लगाए गए, लेकिन क्षेत्र में विकास कार्य बहुत कम हुए।

इसी विरोध के चलते जनता ने चुनाव प्रक्रिया से दूरी बनाने का निर्णय लिया है। जन एकता संघर्ष समिति से जुड़े अधिवक्ता पूर्ण चंद ने बताया कि सभी उम्मीदवारों से बातचीत हो चुकी है और वे नामांकन वापस लेने को तैयार हैं। अब स्थिति यह है कि नगर पंचायत को समाप्त कर पुनः ग्राम पंचायत व्यवस्था लागू करने की मांग भी उठने लगी है।

हालांकि, अंतिम स्थिति नामांकन वापसी के दिन ही स्पष्ट होगी कि सभी उम्मीदवार अपने निर्णय पर कायम रहते हैं या नहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0