सिया हत्याकांड: आरोपी 14 दिन न्यायिक हिरासत में

मंडी के सरकाघाट सिया हत्याकांड में आरोपी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में, पुलिस जांच तेज। फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार, वजह अब भी साफ नहीं।

Apr 23, 2026 - 10:50
 0  90
सिया हत्याकांड: आरोपी 14 दिन न्यायिक हिरासत में

रोजाना हिमाचल ब्यूरो । मंडी
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट में हुए कॉलेज छात्रा सिया हत्याकांड में पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई है। इस मामले में आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। हालांकि, अब तक हत्या के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

मंडी के एसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहन जांच कर रही है और सच्चाई तक पहुंचने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल से खून के नमूने और अन्य महत्वपूर्ण सबूत एकत्र किए गए हैं, जिनकी फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मामले की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस अब तक करीब 40 लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है, जिनमें से चार लोगों से एसपी ने स्वयं पूछताछ की है। प्रारंभिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर यह संकेत मिले हैं कि आरोपी विकास इस वारदात का मुख्य दोषी है।

जांच को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस आरोपी को घटनास्थल पर ले गई, जहां पूरे घटनाक्रम का सीन रिक्रिएशन किया गया। मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार, सिया की मौत गर्दन की हड्डी कटने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई। बताया जा रहा है कि आरोपी ने तेजधार हथियार ‘दराट’ से हमला किया, जिससे शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं।

पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि इस घटना के पीछे लूटपाट का कोई उद्देश्य नहीं था। घटना के समय सिया के पास मात्र 70 रुपये थे। साथ ही, जांच में सिया की छवि पूरी तरह साफ पाई गई है और वह केवल अपने परिवार व करीबी सहेलियों के संपर्क में रहती थी।

फिलहाल पुलिस को फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके बाद इस सनसनीखेज मामले से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0