एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा में चर्चा-परिचर्चा का किया आयोजन

एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा के संस्कृत विभाग की ओर से संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक चर्चा-परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया।

Aug 27, 2026 - 17:01
 0  27
एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा में चर्चा-परिचर्चा का किया आयोजन

सुमन महाशा। कांगड़ा

एमसीएम डीएवी कॉलेज कांगड़ा के संस्कृत विभाग की ओर से संस्कृत सप्ताह के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक चर्चा-परिचर्चा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा के महत्व तथा भारतीय ज्ञान परंपरा के विभिन्न आयामों से परिचित करवाना रहा।

कार्यक्रम में संस्कृत विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अरुणदीप शर्मा ने विद्यार्थियों के साथ भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान वेद एवं उपनिषद, सांख्य और योग दर्शन, श्रीमद्भगवद्गीता, रामायण, महाभारत, पुराण तथा आयुर्वेद जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

परिचर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और विभिन्न विषयों से संबंधित प्रश्न पूछते हुए अपने विचार साझा किए। वेद-उपनिषदों की ज्ञान परंपरा, भारतीय दर्शन, गीता के कर्मयोग एवं जीवन-दर्शन तथा रामायण और महाभारत में निहित नैतिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा आयुर्वेद और प्राचीन भारतीय ज्ञान-विज्ञान की वर्तमान समय में प्रासंगिकता पर भी विचार रखे गए।

कार्यक्रम में संस्कृत विभाग के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे। चर्चा-परिचर्चा के माध्यम से विद्यार्थियों को संस्कृत साहित्य और भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक संदर्भ में समझने का अवसर मिला।

कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. बलजीत सिंह पटियाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति, दर्शन, साहित्य और ज्ञान-विज्ञान की समृद्ध परंपरा की महत्वपूर्ण संवाहक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी गौरवशाली ज्ञान परंपरा से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0