त्योहारी सीजन के मद्देनजर कांगड़ा शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों का एस डी एम ने किया निरीक्षण
आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग ने आज कांगड़ा शहर में विभिन्न खाने-पीने, डेयरी एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।
सुमन महाशा । कांगड़ा
आगामी त्योहारी सीजन के मद्देनजर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजली गर्ग ने आज कांगड़ा शहर में विभिन्न खाने-पीने, डेयरी एवं मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सविता, खाद्य निरीक्षक तथा पुलिस टीम भी मौजूद रही।
निरीक्षण के दौरान विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों के पंजीकरण एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। दुकानों में साफ-सफाई की व्यवस्था, खाद्य सामग्री के रख-रखाव तथा कोल्ड स्टोरेज की स्थिति का भी जायजा लिया गया। नियमों की अनुपालना में कमी पाए जाने पर मौके पर चालान भी किए गए।
एसडीएम डॉ. अंजली गर्ग ने मिठाई विक्रेताओं को निर्देश दिए कि खाद्य सामग्री में अनावश्यक एवं प्रतिबंधित रंगों का प्रयोग न करें तथा किसी भी स्थिति में लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ न हो। उन्होंने पनीर सहित सभी डेयरी उत्पादों में अच्छी गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी खाद्य कारोबारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर आवश्यक पंजीकरण एवं प्रमाण-पत्र प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसडीएम ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। नियमों की अवहेलना पाए जाने पर भविष्य में और कड़े कदम उठाए जाएंगे तथा संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0