"बिना तथ्यों के राजनीति कर रहे स्थानीय विधायक", सड़क मुद्दे पर अजय वर्मा का पलटवार

एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने स्थानीय विधायक पर बिना तथ्यों के राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि टनल से बाइपास तक सड़क सुधार कार्य के लिए 10.68 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं और जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा।

Jun 11, 2026 - 21:20
 0  9
"बिना तथ्यों के राजनीति कर रहे स्थानीय विधायक", सड़क मुद्दे पर अजय वर्मा का पलटवार

कांगड़ा।

 हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने स्थानीय विधायक पर बिना तथ्यों के राजनीतिक बयानबाजी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ लेने की मंशा से जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि सड़क निर्माण कार्य से संबंधित सभी तथ्य पहले ही सार्वजनिक किए जा चुके हैं।

अजय वर्मा ने कहा कि स्थानीय विधायक द्वारा हाल ही में सचिवालय घेराव की बात कही गई, जबकि जिस सड़क की स्थिति को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वह पिछले वर्ष भारी बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई थी। उन्होंने बताया कि इस समस्या को देखते हुए अगस्त 2025 में प्रोजेक्ट डायरेक्टर नेशनल हाईवे को पत्र भेजा गया था।

उन्होंने जानकारी दी कि नवंबर 2025 में नेशनल हाईवे प्राधिकरण द्वारा इस सड़क के सुधार कार्य के लिए 10.68 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी। इस संबंध में समय-समय पर प्रेस वार्ताओं के माध्यम से जनता को जानकारी भी दी गई।

अजय वर्मा ने बताया कि पहले भी इस कार्य के लिए टेंडर जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित शर्तें पूरी न होने के कारण कार्य आवंटित नहीं हो पाया। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार को कार्य शुरू करने की अनुमति प्रदान कर दी गई है।

उन्होंने कहा कि टनल से लेकर बाइपास तक सड़क का पूर्ण पुनर्निर्माण किया जाएगा। इसके साथ-साथ सड़क किनारे डंगे और नालियों का निर्माण भी किया जाएगा, जिससे भविष्य में सड़क को नुकसान से बचाया जा सके।

अजय वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर नेशनल हाईवे इस परियोजना को स्टेट हाईवे के माध्यम से करवाना चाहता था, लेकिन राज्य स्तर पर इसे नेशनल हाईवे के तहत ही करवाने का सुझाव दिया गया। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से लगभग 20 करोड़ रुपये का अनुमानित प्राक्कलन भेजा गया, जबकि नेशनल हाईवे ने 10.68 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की।

उन्होंने विश्वास जताया कि निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा और क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही सड़क संबंधी समस्याओं से राहत मिलेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0