रोजाना हिमाचल ब्यूरो । चंबा/कुल्लू
चंबा के कसाकड़ा मोहल्ले में एक नाबालिग के साथ दुराचार का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता किराए के मकान में रहती थी, जहां आरोपी ने उसके साथ बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी भी नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस ने मेडिकल जांच सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि एसपी विजय कुमार सकलानी ने की है। उधर, कुल्लू जिले के निरमंड क्षेत्र में भी एक युवती के साथ जबरदस्ती का मामला दर्ज हुआ है। बताया जा रहा है कि 26 वर्षीय युवती, जिसकी याददाश्त कमजोर है, घर से बाहर गई थी। इसी दौरान एक युवक ने उसके साथ जबरन यौन संबंध बनाए। घटना का खुलासा उसके भाई ने किया, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई। पुलिस ने दोनों मामलों में मेडिकल जांच करवाने के साथ जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। संबंधित अधिकारियों ने कहा है कि आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।