कुल्लू में भू-स्खलन: 35 सड़कें बंद, यातायात प्रभावित
कुल्लू में लगातार बारिश और बर्फबारी से भू-स्खलन, 35 सड़कें बंद, बिजली ठप, मनाली-लेह हाईवे पर यातायात बाधित।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। कुल्लू
जिला कुल्लू में लगातार बदलते मौसम ने एक बार फिर कहर बरपाना शुरू कर दिया है। ताजा बर्फबारी और बारिश के चलते पहाड़ों के गिरने का सिलसिला तेज हो गया है। इससे कई स्थानों पर भू-स्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इसका सीधा असर सड़क यातायात और आम जनजीवन पर पड़ा है। शुक्रवार सुबह से जारी तेज बारिश देर शाम तक लगातार जारी रही। पहाड़ों से भारी मलबा गिरने के चलते अब तक जिला की 35 सड़कें बंद पड़ी हैं। 216 बिजली के ट्रांसफार्मर ठप हो चुके हैं। जिस कारण से अनेक गांवों में अंधेरा छा गया है।
मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर गिरे पत्थर
इसी के साथ मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगहों पर पत्थर गिरने की घटनाएं सामने आई है। जहां पर नेशनल हाई-वे मनाली लेह की बात करें, तो अभी वाहनों की आवाजाही नेहरूकुंड तक ही हो पा रही है। आगे भी भारी बर्फबारी के चलते रास्ते बंद पड़े हैं। खासकर पलचान, धुंधी और सोलंगनाला के आसपास हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। आनी, बंजार, सैंज और निरमंड क्षेत्र की संपर्क सड़कें भी भू-स्खलन के कारण बाधित हुई हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें।
अटल टनल के पास तीन फुट से ज्यादा बर्फबारी
लगातार बारिश व बर्फबारी के चलते एक बार फिर अटल टनल के मुख्य दर पर तीन फुट से अधिक बर्फबारी अभी तक गिर चुकी है। ऐसे में बाहरी राज्यों से घूमने आए सैलानी भी मनाली तक ही सीमित रह गए हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0