डलहौजी के आहला-लक्कड़मंडी में सैलानियों की बर्फीली मस्ती
डलहौजी के आहला और लक्कड़मंडी में फुटों जमी बर्फ के बीच सैलानियों ने की जमकर मस्ती, होटल कारोबारियों को बढ़ी उम्मीद।
डलहौजी । पर्यटन नगरी डलहौजी के ऊपरी हिस्सों आहला और लक्कड़मंडी में फुटों के हिसाब से हुई बर्फबारी इन दिनों सैलानियों के लिए खास आकर्षण बनी हुई है। घनी जमी बर्फ के बीच पर्यटक दिन भर बर्फ से अठखेलियां, फिसलन भरी ढलानों पर मस्ती और प्राकृतिक नजारों का भरपूर आनंद उठा रहे हैं। आहला और लक्कड़मंडी बर्फ प्रेमी सैलानियों के नए हॉटस्पॉट बनकर उभरे हैं।
स्नो प्वाइंट के अलावा आहला और लक्कड़मंडी क्षेत्र में भी पर्यटकों की अच्छी आवाजाही देखी जा रही है। परिवार, युवा और बच्चों के लिए ये इलाके खास पसंद बने हुए हैं, जहां पर्यटक फोटो सेशन, स्नो प्ले और पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं।
ठहराव कम, दिनभर घूमकर लौट रहे पर्यटक
हालांकि बर्फ का भरपूर लुत्फ उठाने के बावजूद अधिकांश पर्यटक दिन भर भ्रमण के बाद शाम तक लौट रहे हैं, जिससे डलहौजी में पर्यटकों का ठहराव अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। इसका असर होटल व्यवसाय पर भी देखा जा रहा है।
होटल व्यवसायियों ने दिए विशेष विंटर पैकेज
पर्यटकों को अधिक समय तक ठहराने के उद्देश्य से होटल व्यवसायियों ने कमरों के किराए में छूट और विशेष विंटर पैकेज शुरू कर दिए हैं। होटल संचालकों का कहना है कि रियायती दरों के साथ बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं, ताकि सैलानी बर्फीले क्षेत्रों का आनंद लेने के लिए डलहौजी में ज्यादा समय बिताएं।
पर्यटन कारोबारियों को बढ़ने की उम्मीद
पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को उम्मीद है कि यदि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहा, तो न केवल पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा बल्कि उनके ठहराव की अवधि भी बढ़ेगी। फिलहाल, डलहौजी के ऊपरी इलाकों में पर्यटक बर्फीले मौसम में मस्ती कर सर्दियों की छुट्टियों को यादगार बना रहे हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0