डल्हौजी हादसा: खाई में गिरी कार, 3 पर्यटकों की मौत

डल्हौजी के करेलनू में कार खाई में गिरने से 2 पर्यटकों की मौत, 3 घायल। सभी पंजाब के निवासी, पुलिस जांच जारी।

Mar 21, 2026 - 15:04
 0  90
डल्हौजी हादसा: खाई में गिरी कार, 3 पर्यटकों की मौत

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। डल्हौजी 
पर्यटन नगरी डल्हौजी के करेलनू इलाके में एक सड़क हादसा पेश आया है। यहां देर रात पर्यटकों की एक गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में 3 पर्यटकों की मौत हो गई है, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मिली जानकारी के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें तीन युवक और तीन युवतियां शामिल थीं। ये सभी लोग जालंधर के ही किसी स्वास्थ्य केंद्र में एक साथ काम करते थे और डल्हौजी घूमने के लिए आए हुए थे। 
हादसे की सूचना मिलते ही राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और सभी घायलों को खाई से निकालकर सिविल अस्पताल डल्हौजी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने सिमरन प्रीत कौर (18) पुत्री परमजीत सिंह निवासी गांव नूरपुर लुवाना, जिला कपूरथला (पंजाब) और सुरेन्द्र (25) निवासी पूर्णपुरा, डाकघर रामामंडी, जिला जालंधर (पंजाब) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, प्रिंस (21) पुत्र बलजीत सिंह निवासी अमृतसर (पंजाब) और सोफिया की हालत गंभीर होने पर उन्हें सिविल अस्पताल डल्हौजी से पठानकोट रैफर किया गया, लेकिन सोफिया ने भी रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं अन्य घायलों में सुमन प्रीत (19) पुत्री जगरूप सिंह निवासी गांव लागों देवा, जिला फिरोजपुर (पंजाब) तथा बलबीर सिंह (20) पुत्र जगतार सिंह, निवासी सैणा भदोड़, तहसील व जिला बरनाला (पंजाब) शामिल हैं, जिनका उपचार डल्हौजी अस्पताल में जारी है। जिला पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि करेलनू में हुए इस वाहन हादसे में 3 पर्यटकों ने अपनी जान गंवाई है। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है और मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0