धर्मशाला स्टेडियम में बढ़ेगी सीटें, 30 हजार क्षमता
धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता 22 हजार से बढ़ाकर 30 हजार की जाएगी। HPCA ने विस्तार योजना तैयार की, जून के बाद शुरू होगा काम।
रोज़ाना हिमाचल ब्यूरो । धर्मशाला
धर्मशाला स्थित धर्मशाला अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की दर्शक क्षमता में जल्द बड़ा इजाफा होने जा रहा है। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने स्टेडियम के विस्तार की योजना तैयार कर ली है, जिसके तहत इसकी क्षमता 22,000 से बढ़ाकर 30,000 की जाएगी।
धौलाधार की खूबसूरत पहाड़ियों के बीच स्थित यह स्टेडियम दुनिया के सबसे सुंदर क्रिकेट मैदानों में गिना जाता है, लेकिन सीमित सीटिंग के कारण कई बार प्रशंसकों को टिकट नहीं मिल पाता। इसी समस्या को देखते हुए क्षमता बढ़ाने का फैसला लिया गया है, जिससे अधिक दर्शक लाइव मैच का आनंद ले सकेंगे।
जानकारी के अनुसार, जून में होने वाले भारत और अफगानिस्तान के मुकाबले के बाद इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा। 14 जून 2026 को यहां भारत और अफगानिस्तान के बीच सीरीज का पहला वनडे मैच खेला जाना है। इसके अलावा मई में आईपीएल 2026 के तीन मुकाबले भी इसी मैदान पर प्रस्तावित हैं।
इन बड़े आयोजनों के सफल आयोजन के बाद स्टेडियम विस्तार का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाएगा। इस परियोजना से न केवल क्रिकेट प्रेमियों को फायदा होगा, बल्कि स्थानीय पर्यटन और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सह सचिव विशाल शर्मा ने बताया कि भविष्य में अधिक दर्शकों को मैच देखने का मौका देने के लिए स्टेडियम की क्षमता बढ़ाना जरूरी है और इस दिशा में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0