धर्मशाला में दो दिवसीय आपदा प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न

धर्मशाला में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र में दो दिवसीय आपदा प्रबंधन संगोष्ठी सम्पन्न, विशेषज्ञों ने चुनौतियों और समाधान पर साझा किए महत्वपूर्ण विचार।

Mar 17, 2026 - 22:15
Mar 17, 2026 - 22:17
 0  54
धर्मशाला में दो दिवसीय आपदा प्रबंधन अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी सम्पन्न

रोजाना हिमाचल ब्यूरो। धर्मशाला 
हिमाचल प्रदेश विश्ववि‌द्यालय क्षेत्रीय केन्द्र मोहली, धर्मशाला में 'आपदा प्रबंधन में समसामयिक मुद्दे तथा चुनौतियाँ' विषय पर दो दिवसीय अन्तरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन मंगलवार को विदाई कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के समक्ष ज्योति प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। संगोष्ठी कक्ष में उपस्थित विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय कुलगीत का श्रवण किया। विदाई कार्यक्रम के उ‌द्घाटन सत्र में प्रो. बाल कृष्ण शिवराम, अधिष्ठाता अध्ययन, हि.प्र. विश्वविद्यालय शिमला मुख्यातिथि तथा मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. नैनजीत सिंह नेगी, निदेशक, 'आपदा प्रबंधन तथा जोखिम न्यूनीकरण हिमालयी शोधकेंद्र' हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला ने शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में तिब्बत समाज से डॉ. लोबसंग येंग्सो, वरिष्ठ वैज्ञानिक ने उपस्थिति दर्ज की।

हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय क्षेत्रीय केंद्र के निदेशक प्रो. कुलदीप अत्री ने मुख्यातिथि महोदय, मुख्य वक्ता, सभी वरिष्ठ विद्वतजनों, अतिथियों, प्रतिभागियों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों का स्वागत किया। निदेशक महोदय ने विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया । संगोष्ठी के सह-संयोजक डॉ. राजकुमार ने आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
मुख्य वक्ता प्रो. नैनजीत सिंह नेगी ने पिछले वर्षों में हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आई प्राकृतिक आपदा से सम्बंधित महत्वपूर्ण बिंदु साझा किए। निदेशक महोदय ने विश्वविद्यालय में स्थापित शोध केंद्र के माध्यम से प्रस्तावित शोध योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए इससे निपटने हेतु सामाजिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में उपस्थित विशिष्ट अतिथि डॉ. लोबसंग येंग्सो ने विशेष रूप से तिब्बत में घट रही आपदा सम्बन्धी घटनाओं के विभिन्न कारणों को डिजिटल प्रस्तुतिकरण के माध्यम से चित्रित किया। तिब्बती समाज द्वारा इस क्षेत्र में किए जा रहे विशेष कार्यों की जानकारी साझा करते हुए उनकी प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम में उपस्थित मुख्यातिथि प्रो. बाल कृष्ण शिवराम, अधिष्ठाता अध्ययन ने क्षेत्रीय केंद्र द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित इस दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के लिए निदेशक तथा व्यवस्था में लगी सारी टीम को बधाई देते हुए मुख्य विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। धन्यवाद प्रस्ताव डॉ. राजकुमार कुमार ने प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्यातिथि महोदय तथा मुख्या वक्ता द्वारा प्रभावशाली तथा प्रेरणादायक उ‌द्बोधन के लिए धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया। इसी के साथ-साथ सभागार में उपस्थित सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों, शोधार्थियों तथा विद्यार्थियों के लिए भी धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कड़ी मेहनत तथा लगन से कार्यकर इस संगोष्ठी के सफल आयोजन के लिए सभी समितियों का भी आभार व्यक्त करते हुए अपनी बात समाप्त की। इस अवसर पर अतिथियों, प्रतिभागियों, शोधार्थियों के अतिरिक्त लगभग 160 वि‌द्यार्थियों ने भाग लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0