CCTV में कैद हुआ चोर! गगाल के शराब ठेके में सेंधमारी, 50 हजार नकद और महंगी शराब पर हाथ साफ

नादौन के गगाल गांव स्थित शराब ठेके में अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर करीब 50 हजार रुपये की नकदी और महंगी शराब की बोतलें चोरी कर लीं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Jun 9, 2026 - 20:17
 0  18
CCTV में कैद हुआ चोर! गगाल के शराब ठेके में सेंधमारी, 50 हजार नकद और महंगी शराब पर हाथ साफ
CCTV में कैद हुआ चोर! गगाल के शराब ठेके में सेंधमारी, 50 हजार नकद और महंगी शराब पर हाथ साफ

नादौन।

थाना नादौन के अंतर्गत नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर स्थित गगाल गांव के एक शराब ठेके में सोमवार रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी कर नकदी और महंगी शराब की बोतलों पर हाथ साफ कर दिया। घटना का खुलासा मंगलवार सुबह उस समय हुआ जब कर्मचारी ठेका खोलने के लिए मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार चोर ठेके से करीब 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। इसके अलावा वे कई महंगी शराब की बोतलें भी अपने साथ ले गए। कर्मचारियों ने जब ठेके का शटर टूटा हुआ और अंदर का सामान बिखरा हुआ देखा तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

हैरानी की बात यह है कि यह चोरी नादौन-हमीरपुर फोरलेन जैसे अत्यंत व्यस्त मार्ग के किनारे स्थित ठेके में हुई, जहां दिन-रात वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार होने में सफल रहे।

सूत्रों के अनुसार हाल ही में हमीरपुर क्षेत्र से एक कार चोरी होने का मामला भी सामने आया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी चोरी की गई कार का इस्तेमाल कर चोरों ने गगाल के अलावा ज्वालाजी क्षेत्र के मझीन चौक स्थित शराब ठेके में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया हो। वहां से भी नकदी और शराब की बोतलें चोरी होने की सूचना है। हालांकि पुलिस फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

सूचना मिलते ही नादौन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि एक संदिग्ध व्यक्ति सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

थाना प्रभारी निर्मल सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0