हिमाचल में डिप्लोमा एडमिशन शुरू, जानें आखिरी तारीख
हिमाचल तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने डिप्लोमा कोर्स के लिए आवेदन शुरू किए। PAT की आखिरी तारीख 5 मई और LEET की 6 मई तय, ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो । धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश में डिप्लोमा कोर्स में प्रवेश के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह आवेदन 15 विभिन्न ट्रेडों के लिए मांगे गए हैं।जानकारी के अनुसार, प्रदेशभर में संचालित 17 सरकारी और 8 निजी बहुतकनीकी संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। बहुतकनीकी प्रवेश परीक्षा (PAT) के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 मई निर्धारित की गई है, जबकि 2 वर्षीय डिप्लोमा (LEET) के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 6 मई रखी गई है।
इन सभी कोर्सों के लिए आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। उम्मीदवारों को विस्तृत जानकारी तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा जारी प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध करवाई गई है। प्रदेश में इस समय 17 राजकीय बहुतकनीकी संस्थान, एक MSME टेक्नोलॉजी सेंटर और 8 निजी बहुतकनीकी संस्थान विभिन्न इंजीनियरिंग और गैर-इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम चला रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए कुछ संस्थानों में दूसरी शिफ्ट में भी कक्षाएं शुरू की गई हैं, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को अवसर मिल सके।
इसके अलावा डिप्लोमा फार्मेसी की पढ़ाई के लिए प्रदेश में 2 सरकारी और 19 निजी संस्थान उपलब्ध हैं। तकनीकी शिक्षा बोर्ड द्वारा संचालित अधिकांश डिप्लोमा कोर्स सेमेस्टर प्रणाली के तहत तीन वर्ष की अवधि के हैं, जबकि डिप्लोमा फार्मेसी को वार्षिक प्रणाली के अनुसार दो वर्ष का रखा गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0