अजय वर्मा का दावा : सुक्खू सरकार पूरे करेगी 5 साल
कांगड़ा में अजय वर्मा का बड़ा बयान, बोले सुक्खू सरकार 5 साल का कार्यकाल पूरा करेगी और फिर से सत्ता में लौटेगी।
सुमन महाशा। कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी के बीच अजय वर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की सरकार अपना पूरा 5 साल का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार लगातार जनकल्याणकारी फैसले ले रही है। अजय वर्मा ने यह बयान कांगड़ा के विधायक पवन काजल द्वारा प्रदेश में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने की संभावना जताने पर प्रतिक्रिया देते हुए दिया। उन्होंने विपक्ष के इस बयान को "सपना" करार देते हुए कहा कि सरकार मजबूत है और अपना कार्यकाल पूरा करेगी।
उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों के बावजूद सरकार संसाधनों का बेहतर प्रबंधन कर रही है और हिमाचल को एक विकसित राज्य बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। अजय वर्मा ने बताया कि सरकार ने अपने पहले दिन से ही कई अहम फैसले लिए हैं, जिनमें पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली भी शामिल है। इसके अलावा हाल ही में हुई मंत्रिमंडल बैठक में विभिन्न पदों को भरने की स्वीकृति भी दी गई है।
कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के विकास पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लिए गए फैसलों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में और अधिक जनहितकारी निर्णय लिए जाएंगे। अंत में उन्होंने कहा कि न केवल सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी, बल्कि आगामी चुनावों में भी जनता के समर्थन से फिर से सत्ता में वापसी करेगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0