कांगड़ा में 16,533 बालिकाओं को लगाया जाएगा निःशुल्क एचपीवी टीका

कांगड़ा में 16,533 बालिकाओं को मुफ्त HPV वैक्सीन दी जाएगी। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 75 केंद्रों पर टीकाकरण अभियान शुरू किया।

Feb 17, 2026 - 14:41
 0  18
कांगड़ा में 16,533 बालिकाओं को लगाया जाएगा निःशुल्क एचपीवी टीका

संजीव भारद्वाज। धर्मशाला

जिला कांगड़ा में किशोरियों को सर्वाइकल (गर्भाशय ग्रीवा) कैंसर से बचाव के उद्देश्य से एचपीवी वैक्सीनेशन लगवाने के लिए जिला स्तरीय समन्वय समिति  की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता  उपायुक्त हेमराज बैरवा ने की। बैठक में आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल, एडीसी विनय कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल, एमएस जोनल अस्पताल डाॅ. अनुराधा शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. आरके सूद, जिला पंचायत अधिकारी सचिन ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी डाॅ. दुष्यंत तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त हेमराज बैरवा ने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने निर्देश दिए कि शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि अभिभावकों और छात्राओं को इस टीके के महत्व के बारे में सही जानकारी मिल सके। उपायुक्त कहा कि कि 28 फरवरी को स्कूलों में आयोजित होने वाली पीटीएम बैठकों में एचपीवी वैक्सीनेशन पर चर्चा को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि पीटीएम के माध्यम से अभिभावकों को टीकाकरण के लाभ, प्रक्रिया और सुरक्षा संबंधी जानकारी सरल भाषा में बताई जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति दूर हो सके।

उन्होंने बताया कि जिला कांगड़ा में 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कुल 16,533 बालिकाएं चिन्हित की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के 75 विभिन्न स्थानों पर टीकाकरण सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि 8 से 10 हजार की यह वैक्सीन पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध करवाई जा रही है और यह सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक अत्यंत प्रभावी कदम है। उन्होंने सभी अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन समितियों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा वर्करों तथा समुदाय के प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे इस अभियान में सक्रिय सहयोग दें और पात्र बालिकाओं का समय पर प्री-रजिस्ट्रेशन सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को निर्धारित सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यह जीवनरक्षक टीका निःशुल्क लगाया जाएगा।

बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. विवेक करोल ने ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन के सफल रोलआउट को लेकर की गई तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, कांगड़ा द्वारा शीघ्र ही जिला स्तरीय एचपीवी टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर और जानलेवा बीमारी से समय रहते सुरक्षा प्रदान करना है।  

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0