चौपाल–पांवटा रूट पर HRTC बस खाई में गिरी, 3 की मौत

चौपाल–पांवटा साहिब रूट पर HRTC बस उत्तराखंड के क्वाणु में खाई में गिरी। हादसे में 3 की मौत, 31 घायल, राहत कार्य जारी।

Feb 3, 2026 - 16:08
 0  54
चौपाल–पांवटा रूट पर HRTC बस खाई में गिरी, 3 की मौत

पांवटा साहिब । चौपाल–पांवटा साहिब वाया विकासनगर रूट पर मंगलवार सुबह हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस (HP66A-2588) हादसे का शिकार हो गई। हादसा करीब साढ़े नौ बजे उत्तराखंड के क्वाणु क्षेत्र के शूदोई खड्ड के समीप पेश आया, जहां बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 3 लोगों की मौत की खबर है, जबकि 31 लोग घायल हुए हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस चौपाल से पांवटा की ओर अपने निर्धारित समय के अनुसार जा रही थी। बताया जा रहा है कि क्वाणु के समीप एक गाड़ी को पास देते समय बस गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। हादसे के वक्त बस में 34 लोग सवार थे।

उधर, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि चौपाल से वाया उत्तराखंड पांवटा साहिब जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस के उत्तराखंड के क्वाणु में पास लेते हुए डंगा बैठने से गहरी खाई में गिरने की अत्यंत दुःखद सूचना प्राप्त हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही शिमला और सिरमौर से HRTC के अधिकारियों का दल घटनास्थल के लिए रवाना हो चुका है। चौपाल से SDM, DySP और RTO सिरमौर को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इस गंभीर स्थिति में उत्तराखंड सरकार से भी सहयोग का आग्रह किया गया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0