इंदौरा में 6 जिमों का शिलान्यास, महिलाओं को सौगात
इंदौरा में विधायक मलेंद्र राजन ने 18 लाख से 6 जिमों का शिलान्यास किया। महिला सशक्तिकरण शिविर में 4 ग्राइंडर और 3 ऑटोमैटिक सिलाई मशीनें वितरित की गईं।
नूरपुर I रघुनाथ शर्मा
इंदौरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक मलेंद्र राजन ने आज बीडीओ कार्यालय परिसर में विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों में 18 लाख रुपये की लागत से स्थापित किए जाने वाले 6 जिमों का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र में खेल एवं स्वास्थ्य से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इन जिमों की स्थापना से युवाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ मिलेंगी और नशे से दूर रहने की दिशा में भी सकारात्मक वातावरण बनेगा।
शिलान्यास कार्यक्रम के उपरांत विधायक मलेंद्र राजन ने खंड विकास कार्यालय, इंदौरा में आयोजित स्वयं सहायता समूहों एवं महिला मंडलों के जागरूकता शिविर में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना प्रदेश सरकार का प्रमुख लक्ष्य है और इस दिशा में निरंतर योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं।
विधायक ने बताया कि तहसील कार्यालय परिसर में स्वयं सहायता समूहों के लिए दो दुकानों के निर्माण का कार्य प्रक्रिया में है,जिससे महिलाएँ अपने द्वारा घर पर तैयार किए गए उत्पादों को सीधे बेच सकेंगी। इसके साथ ही हिल टॉप मंदिर के समीप एक पार्क का निर्माण भी प्रस्तावित है, जहाँ महिलाओं को अपने उत्पादों की बिक्री के लिए एक उपयुक्त प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि घरेलू स्तर पर कार्य करने वाली महिलाएँ अपने सामान का विपणन कर सकें।
इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों एवं महिला मंडलों को उनके सराहनीय कार्यों के लिए स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। साथ ही महिलाओं के कार्य को और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से 4 ग्राइंडर मशीनें तथा 3 ऑटोमैटिक सिलाई मशीनें वितरित की गईं, जिनकी कुल लागत लगभग 1 लाख 75 हजार रुपये है। इन मशीनों से महिलाओं को स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे और उनकी आय में वृद्धि होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0