अंतर-राज्य युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम : मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और कौशल विकास पर रहा फोकस
कांगड़ा में MY Bharat द्वारा आयोजित अंतर-राज्य युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के दूसरे दिन मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, योग और कौशल विकास पर विशेष सत्र आयोजित हुए।
सुमन महाशा। कांगड़ा
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), कांगड़ा द्वारा आयोजित पांच दिवसीय अंतर-राज्य युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के दूसरे दिन युवाओं के मानसिक स्वास्थ्य, नशा मुक्ति और कौशल विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। इस कार्यक्रम में राजस्थान से आए 35 युवाओं ने स्वास्थ्य, आत्मविकास एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का आयोजन आरएचएफडब्ल्यूटीसी, छेब, कांगड़ा में किया जा रहा है।
द्वितीय दिवस की शुरुआत प्रातः योग सत्र से हुई, जिसमें युवाओं को शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया गया। इसके उपरांत जोनल अस्पताल धर्मशाला की मनोवैज्ञानिक डॉ. ज्योति शर्मा ने मेंटल वेलबीइंग एवं साइकोलॉजिकल रेज़िलिएंस विषय पर सत्र लिया। उन्होंने तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और भावनात्मक मजबूती की आवश्यकता पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को व्यावहारिक सुझाव दिए।
इसके बाद नशा मुक्त भारत अभियान एवं टोबैको फ्री हिमाचल विज़न-2047 विषय पर नोबल कम्युनिटी फाउंडेशन, कांगड़ा के अध्यक्ष एवं युवा आइकन श्री मंगल सिंह ने युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी देते हुए युवाओं से समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
दोपहर सत्र में युवा आइकन एवं उद्यमी संदीप चौधरी द्वारा कौशल विकास और प्रेरणा पर संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान युवाओं को आत्मनिर्भर बनने, उद्यमिता अपनाने और करियर निर्माण के विभिन्न अवसरों से अवगत कराया गया। इसके पश्चात आर्ट ऑफ लिविंग, कांगड़ा के आचार्य अनुराग अरोड़ा ने डीप ब्रीदिंग और मेडिटेशन सत्र के माध्यम से युवाओं को आंतरिक शांति और एकाग्रता के अभ्यास कराए।
सांयकालीन सत्र में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं बोनफायर कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के युवाओं ने अपनी लोकसंस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस सांस्कृतिक आदान–प्रदान ने “एक भारत श्रेष्ठ भारत” की भावना को और सशक्त किया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उप-निदेशक, मेरा युवा भारत कांगड़ा ने बताया कि इस आदान–प्रदान कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को मानसिक, सामाजिक और व्यावसायिक रूप से सशक्त बनाना है। आगामी दिनों में प्रतिभागियों के लिए शैक्षिक भ्रमण, साहसिक गतिविधियां और समापन समारोह आयोजित किए जाएंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0