"आचार संहिता का खुला उल्लंघन!” जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर बड़ा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर आचार संहिता उल्लंघन, भ्रष्टाचार और युवाओं को रोजगार के नाम पर गुमराह करने के आरोप लगाए। चुनाव आयोग से हस्तक्षेप की मांग की।
मंडी।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस सरकार आदर्श चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन कर रही है और अपने चहेतों को लाभ पहुंचाने में जुटी हुई है।
मंडी से जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनावी माहौल के बीच सरकार पर्दे के पीछे गैर-कानूनी गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है, जिस पर भाजपा की पैनी नजर बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि पार्टी इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगी।
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि विभिन्न बोर्डों और निगमों में तैनात पदाधिकारी सरकारी संसाधनों और जनता के पैसे का दुरुपयोग कर चुनाव प्रचार में लगे हुए हैं, जो चुनाव आयोग के नियमों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने आयोग से इस मामले में तुरंत संज्ञान लेने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि आउटसोर्स एजेंसियों के माध्यम से युवाओं को रोजगार का प्रलोभन दिया जा रहा है, जो चुनाव के दौरान अनुचित है। उनके अनुसार, इन एजेंसियों का संबंध कांग्रेस नेताओं से है, जिन्हें मुख्यमंत्री का संरक्षण प्राप्त है और वे चुनाव में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश का मतदाता जागरूक है और कांग्रेस के ऐसे हथकंडों से प्रभावित नहीं होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी संभावित हार को देखते हुए बौखलाहट में ऐसे कदम उठा रही है, जो प्रशासनिक मर्यादाओं के खिलाफ हैं।
उन्होंने सरकारी मशीनरी को भी आगाह करते हुए कहा कि वे सत्ता के दबाव में आकर किसी भी अवैध गतिविधि का हिस्सा न बनें, क्योंकि समय आने पर हर फैसले का हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और चुनावी नियमों के उल्लंघन को लेकर सरकार को घेरते हुए कहा कि भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव के लिए अधिकांश प्रत्याशी घोषित कर चुकी है और जल्द ही बाकी उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी जाएगी।
इस दौरान जयराम ठाकुर सराज के छतरी क्षेत्र में श्रीमद भागवत पुराण कथा में भी शामिल हुए, जहां उन्होंने देवता श्री नाग चपलांदु जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0