कांगड़ा सिविल अस्पताल पर बढ़ा मरीजों का दबाव, नए स्टाफ व मशीनों की मांग

कांगड़ा सिविल अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव के बीच अतिरिक्त स्टाफ, नई एक्स-रे और यूएसजी मशीन की मांग उठी। गवर्निंग बॉडी बैठक में प्रस्ताव रखा गया।

Mar 17, 2026 - 22:26
 0  36
कांगड़ा सिविल अस्पताल पर बढ़ा मरीजों का दबाव, नए स्टाफ व मशीनों की मांग

सुमन महाशा। कांगड़ा
कांगड़ा के सिविल अस्पताल में बढ़ते मरीजों के दबाव और सीमित संसाधनों को लेकर सोसाइटी के सदस्य अशोक हिमाचली ने गवर्निंग बॉडी की बैठक में यह अहम मुद्दा उठाया। उन्होंने अस्पताल में अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए सरकार के समक्ष विस्तृत प्रस्ताव रखा। बैठक से जुड़ी जानकारी भी अशोक हिमाचली द्वारा ही साझा की गई। अशोक हिमाचली ने बताया कि सिविल अस्पताल कांगड़ा क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहा है, लेकिन लगातार बढ़ती मरीज संख्या के कारण अस्पताल पर कार्यभार काफी बढ़ गया है। ऐसे में प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से चलाने के लिए मिनिस्ट्रियल स्टाफ के अतिरिक्त पद सृजित करना बेहद जरूरी हो गया है। प्रस्ताव में सुपरिंटेंडेंट ग्रेड-2 का एक पद और क्लर्क/JOA (आईटी) का एक पद भरने की मांग की गई है।
सरकार से प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने की मांग
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अस्पताल की ओपीडी में 1,11,235 मरीजों ने उपचार लिया, जबकि 8,357 मरीजों को आईपीडी में भर्ती किया गया। इसके अलावा रेडियोलॉजी विभाग में प्रतिदिन 80 से 100 एक्स-रे किए जा रहे हैं, जिससे मौजूदा संसाधनों पर भारी दबाव पड़ रहा है। अशोक हिमाचली ने यह भी बताया कि अस्पताल की एक्स-रे मशीन 14 साल से अधिक पुरानी हो चुकी है, जिसके कारण बार-बार तकनीकी खराबियां आ रही हैं और मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसे ध्यान में रखते हुए नई एक्स-रे मशीन और बेसिक यूएसजी मशीन खरीदने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन थिएटर के लिए ओटी लाइट्स, इलेक्ट्रिकल कॉटरी मशीन और अस्पताल भवन की बाहरी दीवारों की मरम्मत व पेंटिंग का कार्य भी प्रस्ताव में शामिल है। इन सभी कार्यों के लिए करीब 17 लाख 40 हजार रुपये का बजट निर्धारित किया गया है। अशोक हिमाचली ने कहा कि इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से अस्पताल की सर्जिकल और डायग्नोस्टिक सेवाओं में सुधार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को बेहतर इलाज मिल सकेगा। उन्होंने यह भी बताया कि अस्पताल में तैनात 80 से अधिक अधिकारियों के बीच रोजाना होने वाले पत्राचार और प्रशासनिक कार्यों को देखते हुए अतिरिक्त क्लर्क की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है। अशोक हिमाचली ने सरकार से इस प्रस्ताव को जल्द मंजूरी देने की मांग की है, ताकि सिविल अस्पताल कांगड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0