काठगढ़ शिव मंदिर में महाशिवरात्रि महोत्सव का भव्य समापन
नूरपुर के काठगढ़ शिव मंदिर में जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न, हजारों श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद।
रघुनाथ शर्मा, नूरपुर
ऐतिहासिक शिव मंदिर काठगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय महाशिवरात्रि महोत्सव का समापन आज सोमवार को पूर्ण श्रद्धा, आस्था और भक्तिमय वातावरण के बीच संपन्न हुआ। समापन समारोह में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) सुरेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा विधिवत रूप से महोत्सव का समापन किया।
समापन अवसर से पूर्व एसडीएम सुरेंद्र ठाकुर ने भव्य शोभायात्रा में भाग लिया और काठगढ़ महादेव के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की। महोत्सव के समापन अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर सुधार सभा काठगढ़ द्वारा आयोजित मेधावी छात्रवृत्ति प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को एसडीएम द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कारों को जीवन में अपनाने तथा निरंतर परिश्रम के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह के दौरान मंदिर परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन, धार्मिक गायन एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। महोत्सव के अंतिम दिन भी हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पावन काठगढ़ शिव मंदिर में शीश नवाकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0