भूकम्प पीड़ितों के बीच पहुंचे विधायक केवल सिंह पठानिया, बोले- हर प्रभावित परिवार को मिलेगी सहायता
शाहपुर विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने भूकम्प प्रभावित गांवों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों को शीघ्र सर्वेक्षण और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
विशाल वर्मा। शाहपुर
शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भूकम्प प्रभावित गांवों भौंठु, रावा, खड़ी बही, करेरी तथा नौरा का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और नुकसान का जायजा लिया।
दौरे के दौरान विधायक ने प्रभावित परिवारों के घरों में जाकर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी जरूरतमंद को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
गौरतलब है कि 5 जून की रात आए भूकम्प के कारण क्षेत्र के लगभग 50 से 60 परिवार प्रभावित हुए हैं। भूकम्प से सबसे अधिक नुकसान कच्चे मकानों को पहुंचा है, जिससे कई परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
केवल सिंह पठानिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित घरों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए और रिपोर्ट तत्काल सरकार को भेजी जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और उचित मुआवजा प्रदान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रत्येक नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है और इस कठिन समय में वे स्वयं प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहकर उनकी हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगे।
उपमुख्य सचेतक ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, विद्युत तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी रखने के निर्देश भी दिए, ताकि लोगों को किसी अतिरिक्त परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, डीएफओ अमित शर्मा, तहसीलदार शाहपुर दीक्षांत ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीरज गर्ग, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, कानूनगो देवेंद्र, रावा-खड़ी बही पंचायत की प्रधान रानी देवी, उपप्रधान हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0