लडभड़ोल में HRTC बस में लगी आग, बड़ा हादसा टला
लडभड़ोल बस स्टैंड के पास HRTC बस के इंजन में आग लगी, यात्रियों और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टला। जांच जारी।
रोजाना हिमाचल ब्यूरो। बैजनाथ
लडभड़ोल बस स्टैंड के समीप रविवार दोपहर एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार एचआरटीसी की बस बैजनाथ से संधोल रूट पर जा रही थी। रविवार दोपहर करीब 1:45 बजे बस जब लडभड़ोल बस स्टैंड के पास पहुंची तो चालक और परिचालक बस खड़ी करके खाना खाने के लिए पास के एक ढाबे में चले गए। इसी बीच बस में बैठे कुछ यात्रियों ने इंजन से धुआं उठता देखा। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए बस में मौजूद सवारियों ने तुरंत इसकी सूचना ढाबे में मौजूद चालक-परिचालक को दी। इसके साथ ही सभी यात्री दिखाते हुए सुरक्षित बस से नीचे उतर गए।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने बिना कोई देरी किए पानी और मिट्टी की मदद से इंजन में लगी आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। बस में सफर कर रहे यात्रियों ने एचआरटीसी प्रबंधन के रखरखाव पर सवाल उठाते हुए मांग की है कि रूटों पर भेजी जाने वाली बसों की नियमित और सही तरीके से जांच की जाए, ताकि यात्रियों की जान जोखिम में न पड़े।
एचआरटीसी बैजनाथ के क्षेत्रीय प्रबंधक शशांक धीमान ने बताया कि बैजनाथ-सांडापत्तन-संधोल रूट की बस के इंजन में आग लगने का मामला ध्यान में आया है। गनीमत रही कि कोई नुकसान नहीं हुआ। बस में अचानक आग किन कारणों से लगी, इसका पता लगाया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0