नूरपुर कॉलेज में मेगा विधिक शिविर, चिट्टे पर न्यायिक सख्त संदेश

नूरपुर आर्य डिग्री कॉलेज में मेगा विधिक साक्षरता शिविर। एसीजेएम ने चिट्टे जैसे नशे को युवाओं के भविष्य के लिए घातक बताया।

Feb 8, 2026 - 18:51
 0  36
नूरपुर कॉलेज में मेगा विधिक शिविर, चिट्टे पर न्यायिक सख्त संदेश

रघुनाथ शर्मा। नूरपुर

उपमंडल विधिक साक्षरता समिति नूरपुर द्वारा राजकीय आर्य डिग्री कॉलेज नूरपुर में मेगा विधिक साक्षरता शिविर के तहत एक मॉड्यूल कैंप का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट नूरपुर दीपाली गंभीर ने की। शिविर का उद्देश्य युवाओं को नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूक करना रहा।

अपने संबोधन में अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपाली गंभीर ने चिट्टे जैसे घातक नशे पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि नशे का सबसे अधिक दुष्प्रभाव आज की युवा पीढ़ी पर पड़ रहा है। नशा न केवल व्यक्ति के भविष्य को अंधकार में धकेलता है, बल्कि परिवार और समाज की नींव को भी कमजोर करता है। उन्होंने बताया कि नूरपुर पुलिस जिला पंजाब सीमा से सटा होने के कारण यहां नशे की समस्या गंभीर बनी हुई है। आय के साधन न होने पर कई युवा नशे की पूर्ति के लिए चोरी, लूट और अन्य आपराधिक गतिविधियों की ओर बढ़ जाते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशे में संलिप्त पाए जाने पर 10 से 20 वर्ष तक की कठोर सजा का प्रावधान है।

इस अवसर पर एसीएफ निशांत पराशर ने “सेव द एनवायरनमेंट, सेव द प्लैनेट” विषय पर पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया। बार एसोसिएशन नूरपुर की ओर से अधिवक्ता अंबिका गुलेरिया ने नशे से जुड़े कानूनी प्रावधानों और दंड की जानकारी दी, जबकि एसएचओ नूरपुर सुरिंदर धीमान ने आपदा प्रबंधन पर उपयोगी जानकारियां साझा कीं।

शिविर में कॉलेज के प्रिंसिपल अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और स्टाफ सदस्यों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0