नूरपुर में पुलिस पेंशनर्स की अहम बैठक, उठीं कई बड़ी मांगें

नूरपुर में पुलिस पेंशनर्स की बैठक में डीए एरियर, चिकित्सा सहायता, कैंटीन सुविधा व परिजनों के कल्याण जैसे मुद्दों पर चर्चा।

Feb 8, 2026 - 18:59
 0  54
नूरपुर में पुलिस पेंशनर्स की अहम बैठक, उठीं कई बड़ी मांगें

रघुनाथ शर्मा। नूरपुर

सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर पुलिस कार्यालय नूरपुर के सभागार कक्ष में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक नूरपुर श्री कुलभूषण वर्मा ने की, जबकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धनी चंद वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में पुलिस पेंशनर एसोसिएशन जिला कांगड़ा के अध्यक्ष मनोज कुमार वालिया, उपाध्यक्ष कृष्ण रैना, महासचिव कैलाश वालिया, प्रेस प्रवक्ता साहब सिंह तथा पुलिस जिला नूरपुर पेंशनर एसोसिएशन के कार्यकारिणी अध्यक्ष बहादुर सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान उपलब्ध अभिलेखों, प्रचलित नियमों एवं विभागीय एसओपी का अवलोकन करते हुए सेवानिवृत्त कर्मियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। एसोसिएशन ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों के निधन पर उनके परिजनों को समयबद्ध आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा दिवंगत पुलिस कर्मियों को उचित सम्मान देने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

इसके अतिरिक्त पुलिस जिला नूरपुर में कैंटीन सुविधा स्थापित करने, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के जिला भ्रमण के दौरान पेंशनर्स के साथ संवाद बैठक आयोजित करने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग भी उठाई गई।

बैठक में चिकित्सा उपचार, विशेषकर नेत्र ऑपरेशन के लिए आर्थिक सहायता में वृद्धि, लंबित चिकित्सा बिलों का शीघ्र भुगतान तथा 1 जनवरी 2016 से 31 जनवरी 2022 तक के लंबित डीए एरियर एवं अन्य देय लाभों के जल्द भुगतान जैसे अहम मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

अंत में एसोसिएशन ने संबंधित विभाग से इन मांगों पर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया, ताकि सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों और उनके परिवारों का समुचित कल्याण सुनिश्चित किया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0